मंडला-जबलपुर NH-30 पर बड़ा हादसा
रेलिंग तोड़कर फूलसागर पुल से नदी में गिरा 16 चक्का ट्रक, केबिन में फंसा चालक
- रायपुर से दिल्ली जा रहा कॉइल लदा ट्रक नर्मदा बैकवाटर में समाया
- पुलिस और ग्रामीणों ने क्रेन की मदद से किया सफल रेस्क्यू
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 (NH-30) पर शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक 16 चक्का भारी ट्रक अनियंत्रित होकर फूलसागर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नदी में जा गिरा। गनीमत यह रही कि ट्रक का केबिन पानी के ऊपर ही अटक गया, जिससे चालक डूबने से बच गया और पुलिस व ग्रामीणों की तत्परता से उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।
नियंत्रण खोने से हुआ हादसा
जानकारी अनुसार यह 16 चक्का ट्रक लोहे की कॉइल लोड कर रायपुर (छत्तीसगढ़) से दिल्ली की ओर जा रहा था। शुक्रवार रात जब ट्रक फूलसागर पुल से गुजर रहा था, तभी चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा। ट्रक सीधे पुल की मजबूत रेलिंग को तोड़ता हुआ नीचे नर्मदा नदी (बरगी डैम के बैकवाटर) में जा समाया। हादसे के बाद उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले का निवासी 28 वर्षीय ट्रक चालक रवींद्र यादव केबिन के अंदर ही फंसा रह गया। केबिन का हिस्सा पानी के ऊपर रहने के कारण चालक के डूबने की स्थिति नहीं बनी।
क्रेन और ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू
हादसे की तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और चालक को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। इसी बीच सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गई। चालक को केबिन से सुरक्षित निकालने के लिए मौके पर तत्काल क्रेन बुलाई गई। स्थानीय लोगों और पुलिस के संयुक्त प्रयासों व कड़ी मशक्कत के बाद चालक रवींद्र यादव को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घायल चालक को तुरंत एम्बुलेंस के माध्यम से मंडला जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के दौरान कोतवाली पुलिस ने हाईवे पर यातायात व्यवस्था को भी सुचारू रूप से संभाला। फिलहाल दुर्घटनाग्रस्त ट्रक नदी में ही फंसा हुआ है, जिसे निकालने की कार्रवाई की जा रही है।










