मंडला में नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ लोक आस्था का महापर्व छठ
- घाटों पर विशेष तैयारियां
- 36 घंटे के कठिन निर्जला उपवास के साथ सूर्यदेव व छठी मइया की उपासना में लीन होगा शहर
मंडला महावीर न्यूज 29. सूर्य उपासना, पवित्रता और लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ इस वर्ष मंडला जिले में 13 नवंबर से पूरे हर्षोल्लास और भक्ति-भाव के साथ शुरू हो गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार छठी माता को भगवान सूर्य की बहन माना जाता है। मान्यता है कि छठ पर्व पर सूर्यदेव की विधिवत उपासना करने से छठी माता प्रसन्न होती हैं और परिवार में सुख, शांति तथा संतान को निरोगी व सुखी जीवन का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी नहाय-खाय से शुरू होकर सप्तमी उगते सूर्य को अध्र्य देने तक चलने वाले इस पर्व में शारीरिक और मानसिक शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है। पंडित नीलू महाराज ने बताया कि नहाय-खाय के दिन कई विशेष और शुभ योग बने। वहीं 15 नवंबर के दिन अतिगंड और सुकर्मा योग का निर्माण हो रहा है, जिसमें सुकर्मा योग पूरे दिन व रात्रि तक प्रभावी रहेगा, जो पूजा-अर्चना के लिए अत्यंत शुभ व फलदायी माना जाता है।
चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरूआत नहाय खाय से
चार दिवसीय महापर्व का शुभारंभ 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हुआ। इस दिन व्रत रखने वाले पुरुष व महिलाएं पवित्र स्नान कर साफ वस्त्र धारण करते हैं और सात्विक भोजन ग्रहण कर उपवास का संकल्प लेते हैं। भोजन में मुख्य रूप से लौकी, कद्दू की सब्जी, चने की दाल और अरवा चावल बनता है। व्रतियों के भोजन करने के बाद ही परिवार के अन्य सदस्य प्रसाद ग्रहण करते हैं।
दूसरा दिन खरना
पर्व का दूसरा दिन खरना (शुद्धिकरण) कहलाता है। इस दिन व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखते हैं और शाम के समय मिट्टी के नए चूल्हे पर आम की लकड़ी से गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद बनाते हैं। भगवान सूर्य और छठी मइया को भोग लगाने के बाद व्रती इसे ग्रहण करते हैं और इसके बाद से ही 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू हो जाता है।
तीसरा दिन देंगे डूबते सूर्य को अध्र्य
छठ पूजा के तीसरे दिन कार्तिक शुक्ल षष्ठी को मुख्य पूजा होती है। इस दिन व्रती अपने पूरे परिवार के साथ शाम को मंडला में रपटा घाट पर पहुंचते हैं। बांस के सूप और दउरा में ठेकुआ, मौसमी फल, गन्ना और अन्य पूजन सामग्रियां सजाई जाती हैं। व्रती पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को पहला अघ्र्य अर्पित करते हैं।
चौथा दिन उगते सूर्य को अध्र्य देकर करेंगे व्रत का पारण
पर्व का अंतिम दिन कार्तिक सप्तमी का होता है। इस दिन व्रती भोर के अंधेरे में ही पुन: घाट पर पहुंचते हैं और पानी में खड़े होकर उगते सूर्य की उपासना कर उन्हें दूसरा अघ्र्य अर्पित करते हैं। सूर्य देव से संतान और परिवार की सुख-शांति की मंगल कामना करने के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण कर अपना 36 घंटे का निर्जला व्रत खोलते हैं, जिसके साथ ही इस महापर्व का समापन होता है।










