अन्न-जल त्याग और मौन व्रत रखकर युवा गायों को चराने ले जाते है जंगल

Advertisements

बंजारा समाज की अनूठी परंपरा

अन्न-जल त्याग और मौन व्रत रखकर युवाओं ने कराई जंगल में गायों की चराई

  • गोवर्धन पूजा पर निभाई गई आस्था
  • शाम को सामूहिक गो-पूजन के बाद खुला उपवास
  • 5 से 13 वर्ष तक व्रत निभाने की है मान्यता

मंडला महावीर न्यूज 29. दीपावली के अगले दिन गोवर्धन पूजा को लेकर भले ही इस बार तिथियों में थोड़ा संशय रहा हो, लेकिन मंडला जिले के भाईबहिन नाला स्थित टिकराटोला में बंजारा समाज ने अपनी वर्षों पुरानी आस्था और अनूठी परंपरा को पूरी श्रद्धा के साथ निभाया। समाज के युवाओं ने पूरे दिन मौन व्रत रखकर और अन्न-जल का त्याग कर गायों की सेवा की। उन्हें चराने के लिए जंगल ले गए और शाम को सामूहिक गो-पूजन के साथ अपना उपवास खोला। बंजारा समाज में गो-सेवा और पूजन की यह परंपरा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं है, बल्कि यह पशुधन, प्रकृति और सामुदायिक जीवन के प्रति अगाध सम्मान का प्रतीक है।

दिनभर मौन रहकर करते हैं गो-सेवा

इस अनूठी परंपरा के तहत, व्रत रखने वाले युवा सुबह से ही पूजा की तैयारी करते हैं और गायों को लेकर जंगल चराने निकल जाते हैं। इस दौरान व्रतधारी न तो अन्न का एक दाना खाते हैं, न ही पानी पीते हैं, और पूरे दिन किसी से बातचीत न कर ‘मौन व्रत’ का पालन करते हैं। शाम को जब वे गायों को वापस लेकर गांव लौटते हैं, तब सामूहिक रूप से गोमाता की पूजा-अर्चना की जाती है। प्रसाद वितरण के साथ व्रत खोला जाता है। पूजन के दौरान गाय के बछड़े के नीचे से निकलकर आशीर्वाद लेने की भी एक विशेष परंपरा निभाई जाती है।

पांच से 13 वर्ष तक चलता है यह व्रत

समाज के लोगों ने बताया कि इस मौन व्रत को मुख्य रूप से 5 वर्षों तक निभाने की परंपरा है, जबकि मान्यताओं के अनुसार इसे अधिकतम 13 वर्षों तक निभाया जा सकता है। कई युवा ऐसे हैं जो लगातार 10 सालों से इस कठिन परंपरा का पालन कर रहे हैं। इस वर्ष लोकेश राठौर, करण बंजारा और थलेश्वर बंजारा ने मौन व्रत रखकर गो-सेवा की। समाज के अन्य लोगों ने भी पूजन अनुष्ठान में पूरा सहयोग किया।

गोमाता और लक्ष्मी माता का मिलता है आशीर्वाद

जिला बंजारा समाज के लोगों की मान्यता है कि दीपावली के अवसर पर मौन रहकर गोमाता की सेवा और पूजन करने से गोमाता के साथ-साथ मां लक्ष्मी का भी विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है। यह व्रत केवल निजी सुख-समृद्धि के लिए नहीं, बल्कि पूरे गांव और समाज में शांति व खुशहाली की कामना से किया जाता है। यादव समाज की तरह ही बंजारा समुदाय में भी गायों के प्रति यह अगाध श्रद्धा पीढ़ियों से चली आ रही है।

इनका कहना है:

“युवाओं ने व्रत रखकर दिनभर गायों की सेवा की और उन्हें जंगल में चराने ले गए। शाम को पूजा-अर्चना के बाद व्रत खोला गया। बछड़े के नीचे से निकलकर आशीर्वाद लेने की यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है।”

– सुशील बंजारा, स्थानीय निवासी

“यह हमारे समाज की पुरानी परंपरा है। खुशी की बात है कि आज की युवा पीढ़ी भी इसे पूरी श्रद्धा के साथ निभा रही है। इससे हमारी संस्कृति अगली पीढ़ी तक पहुंच रही है।”

– दशरथ लाल बंजारा, स्थानीय निवासी

“गोमाता की सेवा हमारे लिए आस्था के साथ जिम्मेदारी भी है। व्रतधारी पूरा दिन मौन रहकर बिना अन्न-जल के गो-सेवा करते हैं। शाम को सामूहिक पूजन से समाज में एकता की भावना मजबूत होती है।”

– तामसिंह बंजारा, स्थानीय निवासी


रिपोर्ट- सुशील बंजारा, मोतीनाला, मवई


Leave a Comment