ब्रह्माकुमारीज मंडला ने नवदशकोत्सव के रूप में धूमधाम से मनाई 90वीं दीपावली
विश्व शांति भवन में हुआ भव्य आयोजन
- मन की सफाई और विकारों को दूर करना ही सच्ची दीपावली
- राजयोगिनी ममता दीदी ने दिया आध्यात्मिक संदेश
मंडला महावीर न्यूज 29. प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय मंडला सेवाकेंद्र द्वारा संस्था के नवदशकोत्सव 90 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में इस वर्ष की 90वीं दीपावली बेहद खास और भव्य तरीके से मनाई गई। यह आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजन स्थानीय बस स्टैंड के पीछे स्थित विश्व शांति भवन में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
दीपावली के पावन अवसर पर सुबह से ही सभी ब्रह्माकुमार भाई-बहनें योग और तपस्या के लिए सेंटर पहुंचे। यहां ईश्वरीय महावाक्य मुरली क्लास का श्रवण किया गया और इसके पश्चात प्यारे परमात्मा शिव बाबा को भोग लगाया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी ममता दीदी, ब्रह्माकुमारी ओमलता दीदी, ब्रह्माकुमारी शिवकुमारी बहन सहित बड़ी संख्या में अनुयायी उपस्थित रहे।
सद्गुणों और शांति का खजाना ही है सच्चा धन
मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी ममता दीदी ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और इस पर्व का आध्यात्मिक रहस्य समझाया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार दीपावली पर हम अपने घरों की बाहरी सफाई करते हैं, ठीक उसी प्रकार मन की सफाई करना, यानी अपने अंदर के अवगुणों और विकारों को बाहर निकालना ही सबसे सच्ची सफाई है। ममता दीदी ने स्पष्ट किया कि देवी लक्ष्मी का आगमन वहीं होता है, जहां का वातावरण और मन स्वच्छ, पवित्र तथा सद्गुणों से युक्त हो। उन्होंने कहा कि यहां धन का अर्थ केवल भौतिक संपत्ति से नहीं है, बल्कि दैवी गुणों और आंतरिक शांति के खजाने से है। पुराने मतभेदों को भुलाकर आपसी रिश्तों व बोलचाल में मिठास लाना और एक-दूसरे के प्रति शुभ भावनाएं रखना ही सच्ची दीपावली है।
दीप प्रज्वलन और मनमोहक नृत्य ने मोहा मन
आध्यात्मिक उद्बोधन के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कुमारियों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर समा बांध दिया। सभी भाई-बहनों ने पूरे उमंग-उत्साह के साथ खुशियां मनाईं और एक-दूसरे को दीपावली की मंगलकामनाएं दीं। इस अवसर पर सभी ने श्रद्धाभाव से दीप प्रज्वलित किए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थितजनों ने दीदी के हाथों से ईश्वरीय भोग और वरदान प्राप्त किया। पूरा आयोजन आध्यात्मिक शांति और खुशी से परिपूर्ण रहा।









