बाबा ईश्वरशाह साहिब के प्राकट्य दिवस पर भक्तिमय होगा मंडला
12-13 नवंबर को होंगे विविध धार्मिक आयोजन
- हरे माधव भजन संध्या, नर्मदा पूजन और रथ यात्रा की धूम
- माहिष्मति घाट पर सजेगा आध्यात्म का भव्य दरबार
मंडला महावीर न्यूज 29. जीवनमुक्त सतगुरु बाबा ईश्वरशाह साहिब जी के प्राकट्य दिवस के शुभ अवसर पर मंडला नगर में दो दिवसीय भव्य धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। हरे माधव परमार्थ सत्संग समिति कटनी की मंडला शाखा के तत्वावधान में आगामी 12 और 13 नवंबर को शहर में कई विशेष आयोजन होंगे। इन दो दिनों में हरे माधव भजन संध्या, मां नर्मदा पूजन, हरे माधव अरदास, भगवान ईश्वरशाह जी की लीलाओं के दर्शन और भव्य रथ शोभायात्रा मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
बताया गया कि आयोजन के पहले दिन यानी 12 नवंबर की शाम 7 बजे माहिष्मति घाट पर मां नर्मदा जी का विधिवत पूजन और आरती की जाएगी। इसके बाद शांति और कल्याण के लिए हरे माधव अरदास का आयोजन होगा। इसी शाम दिल्ली से विशेष रूप से पधार रहे सुप्रसिद्ध भजन गायक भाई सुनील अरोरा जी द्वारा संगीतमय हरे माधव भजन संध्या की मनमोहक प्रस्तुति दी जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाट पर विशाल एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी, जिसके माध्यम से हरे माधव ब्रह्म बाल भगवान ईश्वर शाह जी की पावन लीलाओं के श्री दर्शन भी कराए जाएंगे।
13 नवंबर को निकलेगी भव्य हरे माधव शोभायात्रा
आयोजन के दूसरे दिन 13 नवंबर को शाम 4 बजे नगर में एक भव्य हरे माधव शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख बैगा-बैगी चौक से प्रारंभ होगी और विभिन्न मार्गों से होते हुए माहिष्मति घाट पहुंचकर संपन्न होगी। इस यात्रा में देश के विभिन्न शहरों से पधार रहे ईश्वर नादम पथक दल के बाल सतगुरु सेवक अपनी विशेष सांगीतिक बैंड प्रस्तुति देंगे, जो यात्रा का प्रमुख आकर्षण होगा। समिति ने मंडला जिले के सभी श्रद्धालुओं, अनुयायियों और धर्मप्रेमियों से इन दोनों दिन आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ अर्जित करने की अपील की है।










