स्कॉर्पियो और क्रेटा की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत, 8 लोग घायल

Advertisements

NH-30 पर मेढ़ाताल के पास भीषण सड़क हादसा

स्कॉर्पियो और क्रेटा की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत, 8 लोग घायल

  • हादसे में भाजपा नेता का परिवार घायल
  • वहां से गुजर रहे SP राजेश रघुवंशी ने अपनी गाड़ी से घायलों को पहुंचाया अस्पताल

मंडला महावीर न्यूज 29.  मंडला-रायपुर नेशनल हाईवे-30 पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अंजनिया के समीप मेढ़ाताल में दो कारों (स्कॉर्पियो और क्रेटा) के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में दोनों वाहनों में सवार कुल 8 लोग घायल हो गए हैं। सभी को जिला अस्पताल मंडला लाया गया, जहां से दो गंभीर घायलों को जबलपुर रेफर किया गया है।

स्कॉर्पियो में सवार था भाजपा नेता का परिवार

जानकारी अनुसार स्कॉर्पियो कार मंडला से रायपुर की ओर जा रही थी, जबकि क्रेटा कार रायपुर से आ रही थी। मेढ़ाताल के पास दोनों कारों में सीधी भिड़ंत हो गई। बताया गया कि स्कॉर्पियो में मंडला जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता रोचिराम गुरवानी का परिवार सवार था। इस हादसे में उनके बेटे मनोज गुरवानी (50 वर्ष), मनोज की पत्नी आरती (48 वर्ष) और उनके दो बेटे मीत (18 वर्ष) व विपुल (20 वर्ष) घायल हुए हैं।

वृंदावन दर्शन को जा रहा था रायपुर का सिन्हा परिवार

दूसरी ओर, क्रेटा कार में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर का सिन्हा परिवार सवार था, जो दर्शन के लिए वृंदावन जा रहा था। हादसे में कार सवार बुद्धेश्वर (59 वर्ष), उनकी पत्नी शकुंतला (55 वर्ष), निधि और नंदकिशोर (28 वर्ष) को चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बुद्धेश्वर और शकुंतला सिन्हा की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। बाकी अन्य सभी घायलों का इलाज मंडला जिला अस्पताल में ही जारी है।

एसपी ने रुकवाया वाहन, अपनी गाड़ी से पहुंचाया अस्पताल

इस दुर्घटना के वक्त जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) राजेश रघुवंशी बिछिया की ओर से वापस मंडला लौट रहे थे। रास्ते में दुर्घटनाग्रस्त वाहनों और घायलों को देखकर उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रोकी। एसपी ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए राहत कार्य में मदद की और गंभीर रूप से घायल लोगों को अपने ही वाहन में बैठाकर तत्काल जिला अस्पताल तक पहुंचाया, जिससे घायलों को समय पर त्वरित उपचार मिल सका।


Leave a Comment