बड़ी खैरी में सार्वजनिक भूमि पर अवैध अतिक्रमण

Advertisements

बड़ी खैरी में सार्वजनिक भूमि पर अवैध अतिक्रमण

पानी की टंकी व सामुदायिक भवन की बाउंड्रीवाल तोड़ी

  • पंचायत और तहसील के नोटिस बेअसर, बेखौफ जारी है निर्माण
  • सरपंच व उपसरपंच ने कलेक्टर से की सख्त कार्रवाई की मांग

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले की ग्राम पंचायत बड़ी खैरी में सार्वजनिक संपत्ति पर बेखौफ अवैध अतिक्रमण किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस मनमानी पर रोक लगाने और शासकीय भूमि को मुक्त कराने के लिए ग्राम पंचायत की सरपंच सीमा और उपसरपंच ने सीधे मंडला जिला कलेक्टर को एक लिखित शिकायत सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।कलेक्टर को सौंपे गए शिकायत पत्र में स्पष्ट रूप से बताया गया है कि बड़ी खैरी ग्राम पंचायत में निर्मित पानी की टंकी और सामुदायिक भवन की बाउंड्रीवाल को तोड़कर, वहां स्थित खाली भूमि पर सुधीर पटेल पिता नंदराम पटेल द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कार्य किया जा रहा है। यह खाली भूमि पूर्णत: ग्राम पंचायत की संपत्ति के अंतर्गत आती है, जिसका उपयोग ग्रामवासियों के सार्वजनिक हित में किया जाना है।

तहसील में शिकायत के बाद भी नहीं रुकी मनमानी 

पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं। आवेदन में बताया गया है कि अतिक्रमणकारी को पूर्व में पंचायत द्वारा बाकायदा नोटिस भेजा जा चुका है। इसके अलावा अवैध निर्माण कार्य रुकवाने के लिए तहसील कार्यालय में भी लिखित आवेदन दिया गया था। लेकिन हैरानी की बात यह है कि आज तक इस मामले में कोई भी प्रशासनिक कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते उक्त स्थान पर अवैध निर्माण कार्य वर्तमान में भी धड़ल्ले से चालू है। पंचायत का कहना है कि भविष्य में सार्वजनिक संपत्ति के रखरखाव और उपयोग में इससे भारी परेशानी उत्पन्न होगी।

कलेक्टर से की गईं ये चार प्रमुख मांगें 

ग्रामवासियों के सार्वजनिक हित को ध्यान में रखते हुए पंचायत ने ज्ञापन के माध्यम से कलेक्टर से मांग की है कि राजस्व विभाग द्वारा पानी की टंकी के नीचे स्थित खाली भूमि का तत्काल निरीक्षण एवं सीमांकन कराया जाए। भूमि पर हो रहे अवैध अतिक्रमण की निष्पक्ष जांच कराई जाए। नियमानुसार अवैध अतिक्रमण हटाकर शासकीय भूमि को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए जाएं ताकि भविष्य में इस सार्वजनिक भूमि पर दोबारा किसी प्रकार का अतिक्रमण न हो सके।


Leave a Comment