फसल गिरदावरी करने वाले सर्वेयरों का रुका भुगतान

Advertisements

निवास तहसील में फसल गिरदावरी करने वाले सर्वेयरों का रुका भुगतान

मानदेय के लिए कलेक्टर से लगाई गुहार

  • पूरे जिले में हो गया भुगतान
  • सिर्फ निवास के सर्वेयर रबी सीजन 2025-26 के मानदेय को तरसे
  • दीपावली से पहले भुगतान की मांग

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले की निवास तहसील में फसल गिरदावरी का कार्य करने वाले स्थानीय युवा सर्वेयर इन दिनों भारी आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। रबी सीजन 2025-26 का भुगतान अब तक न होने से परेशान सर्वेयरों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। इसमें दीपावली के त्योहार को देखते हुए अतिशीघ्र लंबित भुगतान कराने का निवेदन किया गया है।

कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में स्पष्ट रूप से बताया गया है कि मंडला जिले के अन्य समस्त ब्लॉकों में सर्वेयरों का भुगतान किया जा चुका है। मात्र निवास तहसील में ही आज तक यह भुगतान लंबित है। अपने रुके हुए मानदेय को लेकर सर्वेयरों द्वारा तहसील कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों को लिखित एवं मौखिक रूप से कई बार आवेदन-निवेदन किया गया, परन्तु अभी तक भुगतान नहीं हो रहा है।

2024 से कर रहे हैं गिरदावरी का काम 

ज्ञापन में बताया गया कि पटवारी हल्का क्षेत्र में फसल गिरदावली के लिए लोकल यूथ की नियुक्ति सर्वेयरों के रूप में वर्ष 2024 से की गई थी। सभी सर्वेयरों द्वारा पटवारियों के मार्गदर्शन में तीनों सीजन की फसल गिरदावली का कार्य एवं अन्य सौंपे गए कार्य समय पर किए जाते हैं। इसके बावजूद वर्ष 2025-26 के रबी सीजन का भुगतान सर्वेयरों को नहीं किया गया है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। अपनी मांग को प्रमुखता से रखते हुए सर्वेयरों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द सर्वेयरों का भुगतान कराया जाए जिससे वे आगामी दीवाली का पर्व मना सके।


Leave a Comment