गुणवत्ता पर उठे सवाल, क्या किसी बड़े हादसे का हो रहा इंतजार

Advertisements

नारायणगंज में खुला नाला दे रहा हादसों को न्योता

बाहर निकली सरिया से राहगीरों की जान को खतरा, जिम्मेदारों ने मूंदी आंखें

  • तहसील और लोक सेवा केंद्र जाने वाले मुख्य मार्ग पर लापरवाही की हद
  • गुणवत्ता पर उठे सवाल, क्या किसी बड़े हादसे का हो रहा इंतजार

मंडला महावीर न्यूज 29. विकास कार्यों के नाम पर बन रही सीसी सड़कों और नालियों की हकीकत क्या है, इसकी बानगी जनपद पंचायत नारायणगंज के समीप स्थित मुख्य मार्ग पर देखी जा सकती है। यहां बीच रास्ते में एक क्षतिग्रस्त और खुला नाला राहगीरों के लिए मौत का कुआं बना हुआ है। नाले से बाहर निकली लोहे की सरिया किसी भी दिन बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने अपनी आंखें मूंद रखी हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि जनपद पंचायत के समीप स्थित यह नाला कुछ समय पहले भी इसी तरह क्षतिग्रस्त और खुला हुआ था। तब मीडिया द्वारा इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद जिम्मेदारों की नींद टूटी थी और आनन-फानन में मरम्मत कराकर नाले को ढंक दिया गया था, लेकिन कुछ ही दिनों में मरम्मत कार्य की पोल खुल गई और नाला फिर से उसी खतरनाक स्थिति में आ गया है, जिससे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवालिया निशान लग गए हैं।

रोज गुजरते हैं सैकड़ों लोग और अधिकारी 

बताया गया कि नारायणगंज एक तहसील मुख्यालय है और इसी मार्ग पर तहसील कार्यालय, लोक सेवा केंद्र सहित कई महत्वपूर्ण विभागीय कार्यालय संचालित हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, कर्मचारी, दोपहिया वाहन चालक और आम नागरिक इसी रास्ते से गुजरते हैं। रात के अंधेरे में या बारिश के दौरान यह खुला नाला और उसमें से झांकती सरिया जानलेवा साबित हो सकती है। सबसे ज्यादा खतरा पैदल चलने वालों और स्कूली बच्चों को है।

बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहे जिम्मेदार 

स्थानीय नागरिकों में इस लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है। उनका सीधा सवाल है कि क्या संबंधित विभाग किसी बड़ी दुर्घटना या अनहोनी का इंतजार कर रहा है। जब अधिकारी और कर्मचारी रोज इसी रास्ते से गुजरते हैं, तो उन्हें यह खुला नाला क्यों नहीं दिखता? हर बार खबर छपने के बाद ही क्यों लीपापोती की जाती है? सरकारी राशि से हो रहे निर्माण कार्यों में इतनी घटिया गुणवत्ता क्यों है और इसकी जवाबदेही कौन तय करेगा? स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल मौके का निरीक्षण कर इस खुले नाले का स्थायी और गुणवत्तापूर्ण सुधार कराया जाए, जिससे कोई अप्रिय घटना न घटे।


Leave a Comment