770 किलो महुआ लाहन और कच्ची-विदेशी शराब जब्त

Advertisements

770 किलो महुआ लाहन और कच्ची-विदेशी शराब जब्त

  • 8 प्रकरण दर्ज, 91 हजार से अधिक की सामग्री नष्ट कर की गई कार्रवाई
  • रामबाग, कटरा और बर्राटोला समेत नैनपुर-बिछिया में अवैध शराब निर्माण व बिक्री पर दबिश

मंडला महावीर न्यूज 29. अवैध मदिरा निर्माण और विक्रय के खिलाफ जिले में एक बार फिर ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। इस विशेष अभियान के तहत मंडला शहर के साथ नैनपुर और बिछिया क्षेत्रों में कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन और जिला आबकारी अधिकारी सतीश कश्यप के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग की टीम द्वारा दबिश दी गई।

जानकारी अनुसार आबकारी विभाग की टीम ने मंडला शहर के रामबाग नर्मदा कछार के किनारे अवैध रूप से मदिरा का निर्माण करने वाले अड्डों पर अचानक दबिश दी। इसके साथ ही कटरा और बर्राटोला क्षेत्रों में अवैध रूप से शराब का विक्रय करने वालों के ठिकानों पर भी कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज किए गए। इसके अतिरिक्त नैनपुर और बिछिया क्षेत्र में भी सघन छापामार कार्रवाई कर अवैध शराब के खिलाफ मामले पंजीबद्ध किए गए।

770 किलो महुआ लाहन और शराब जब्त 

इस व्यापक कार्रवाई के दौरान विभाग ने कुल 30 नग विदेशी मदिरा (गोवा), 72 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची मदिरा और भारी मात्रा में 770 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया। मौके की नजाकत को देखते हुए बरामद किए गए महुआ लाहन को आबकारी टीम द्वारा घटनास्थल पर ही नष्ट कर दिया गया।

91,850 रुपये की कुल जब्ती, 8 प्रकरण दर्ज 

अवैध रूप से मदिरा का निर्माण और विक्रय करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम के अंतर्गत कुल 08 नए प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। इस पूरी कार्रवाई के दौरान जब्त की गई कुल अवैध मदिरा एवं सामग्री की अनुमानित कीमत 91,850 रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई के दौरान संबंधित वृत्त प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक एवं पूरा आबकारी अमला सक्रिय रूप से उपस्थित रहा। आबकारी विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन और विक्रय में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आबकारी बल की इस तरह की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।


Leave a Comment