पीएफ, वेतन वृद्धि और बोनस की मांग तेज

Advertisements

स्वास्थ्य विभाग के आउटसोर्स कर्मचारियों ने खोला मोर्चा

दीपावली से पूर्व वेतन और बोनस के लिए श्रम पदाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

  • पीएफ, वेतन वृद्धि और अनिवार्य बोनस की मांग तेज
  • आउटसोर्स कर्मचारी संघ ने की दंडात्मक कार्रवाई की मांग

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों सहित अन्य शासकीय कार्यालयों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर श्रम विभाग का दरवाजा खटखटाया है। आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए, मप्र राज्य आउटसोर्स कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने श्रम पदाधिकारी मंडला को अपनी मांगो को लेकर एक ज्ञापन सौंपा है। इस ज्ञापन में मुख्य रूप से शासकीय कार्यालयों के कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों को दीपावली से पूर्व वेतन एवं बोनस का भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की गई है।

संघ के जिलाध्यक्ष अशोक यादव के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में वेतन और बोनस भुगतान के साथ आउटसोर्स कर्मचारियों का बकाया पीएफ की प्राप्ति और वेतन वृद्धि का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया है। संघ ने अपने ज्ञापन में विगत 22 सितम्बर को दिए गए पूर्व ज्ञापन का भी हवाला दिया है। ज्ञापन में श्रम कानूनों का उल्लेख करते हुए बताया गया है कि पेमेंट ऑफ वेजेज एक्ट 1936 के तहत कर्मचारियों को माह की निर्धारित तिथि से पूर्व समयबद्ध वेतन प्राप्त करने का वैधानिक अधिकार प्राप्त है। इसके अलावा, पेमेंट ऑफ बोनस एक्ट 1965 के कानूनी प्रावधानों के अनुसार समस्त आउटसोर्स कर्मचारियों को त्योहार से पूर्व नियमानुसार बोनस का भुगतान किया जाना अनिवार्य है।

एजेंसियों पर दंडात्मक कार्रवाई की मांग 

कर्मचारियों ने श्रम विभाग से निवेदन किया है कि वह जिले के समस्त शासकीय कार्यालयों एवं आउटसोर्स एजेंसियों को निर्देशित कर दीपावली से पूर्व वेतन और बोनस का शत-प्रतिशत भुगतान कराना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही यह मांग भी रखी गई है कि वेतन या बोनस भुगतान में विलंब करने वाली ठेका एजेंसियों और मुख्य नियोक्ताओं के विरुद्ध श्रम नियमों के तहत सख्त दंडात्मक कार्यवाही की जाए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान ये रहे मौजूद 

श्रम पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ के जिला अध्यक्ष अशोक यादव के साथ आदर्श नंदा, विकेंद्र यादव, पहल सिंह, वैभव पुसाम, नरेश कुमार वरकड़े, देवराज चौधरी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य सभी आउटसोर्स कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


Leave a Comment