1 किलो से अधिक गांजे के साथ महिला सहित दो गांजा तस्कर गिरफ्तार

Advertisements

1 किलो से अधिक गांजे के साथ महिला सहित दो गांजा तस्कर गिरफ्तार

स्कूटी की डिक्की में छिपाकर ले जा रहे थे गांजा

  • 40 हजार का मशरूका जब्त, एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज
  • नैनपुर पुलिस की मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर लगाम कसने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा के मार्गदर्शन में नैनपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसडीओपी मनीष राज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्कूटी से गांजे की तस्करी कर रहे एक युवक और एक महिला को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
जानकारी अनुसार शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नैनपुर के वार्ड क्रमांक 10, शांति नगर क्षेत्र में मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। इस सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के अनुसार एक महिला और पुरुष को स्कूटी सहित रोका गया। विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत जब उनकी स्कूटी की डिक्की की तलाशी ली गई, तो उसमें रखे एक थैले से अवैध गांजा बरामद हुआ।

1 किलो 89 ग्राम गांजा व स्कूटी जब्त

पुलिस टीम ने जब जब्त किए गए मादक पदार्थ का इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन किया, तो गांजे का कुल वजन 1 किलो 89 ग्राम पाया गया। पुलिस ने बताया कि जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 10 हजार रुपये है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त की जा रही स्कूटी क्रमांक एमपी 51 जेडए 0979 को भी जब्त कर लिया गया है, जिसकी कीमत 30 हजार रुपये आंकी गई है। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने कुल 40 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज 

पुलिस ने इस मामले में आरोपी सोहित यादव पिता जियालाल यादव, 28 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 15, नैनपुर और बबली बेगम पति स्व. दिलीप उर्फ युसुफ खान, 46 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 10, शांति नगर, नैनपुर को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना नैनपुर में एनडीपीएस एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में एसडीओपी नैनपुर कार्यालय की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंडला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी कोई भी जानकारी नजदीकी पुलिस थाने या डायल-112 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णत: गोपनीय रखी जाएगी।


Leave a Comment

You May Like This