नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक व रंगोली से दिया सफाई का संदेश
- जिला अस्पताल में विशेष स्वच्छता अभियान
- कचरा प्रबंधन और जल स्रोतों को स्वच्छ रखने के प्रति किया जागरूक, दिलाई स्वच्छता की शपथ
मंडला महावीर न्यूज 29. 2 से 31 अक्टूबर तक चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान के तहत जिला चिकित्सालय मंडला में एक वृहद जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न नर्सिंग महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी सक्रिय सहभागिता निभाते हुए आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक, आकर्षक रंगोली और पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से अपनी प्रस्तुतियां दीं। इन रचनात्मक गतिविधियों के जरिए अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों को सामान्य स्वच्छता, कचरा व जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन के साथ-साथ जल स्रोतों और आसपास के परिवेश को साफ रखने का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया।
दिलाई गई स्वच्छता की शपथ
सिविल सर्जन डॉ. विजय सिंह धुर्वे ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत में सभी विद्यार्थियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। वहीं जिला चिकित्सालय के शरद मेश्राम ने अभियान के अंतर्गत संचालित होने वाली विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।
इन नर्सिंग कॉलेजों ने लिया हिस्सा
इस जागरूकता अभियान में एएनएमटीसी मंडला, सरदार पटेल स्कूल ऑफ नर्सिंग और मदर टेरेसा इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग कटरा, मंडला के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। अस्पताल प्रबंधन ने घोषणा की है कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर अस्पताल के चिकित्सक, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ बड़ी संख्या में उपस्थित रहा।









