विदेशी इंटरनेट सेवा राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा

Advertisements

मंडला में स्टारलिंक का विरोध

स्वदेशी जागरण मंच ने फूंका एलन मस्क का पुतला, लगाए जोरदार नारे

  • विदेशी इंटरनेट सेवा को बताया राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा
  • दीपावली पर चीनी वस्तुओं के बहिष्कार और स्वदेशी अपनाने की अपील

मंडला महावीर न्यूज 29.  स्टारलिंक इंटरनेट सेवा के भारत में संभावित विस्तार के विरोध में स्वदेशी जागरण मंच (जिला मंडला) ने बुधवार को नगर में एक विशाल विरोध रैली निकाली। इस दौरान शाम 5:30 बजे स्थानीय चिलमन चौक पर प्रदर्शनकारियों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए स्टारलिंक के प्रमुख एलन मस्क का पुतला दहन किया और स्वदेशी हितों की रक्षा का संकल्प लिया।

राष्ट्रीय सुरक्षा और व्यापारियों के हितों का उठाया मुद्दा

स्वदेशी जागरण मंच ने स्टारलिंक के भारतीय बाजार में प्रवेश को राष्ट्रीय सुरक्षा, भारतीय व्यापारियों के हितों और आर्थिक स्वावलंबन के लिए एक गंभीर मुद्दा बताया है। मंच का स्पष्ट कहना है कि स्टारलिंक जैसी विदेशी कंपनियों के प्रवेश से देश की सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लग सकती है। इसके साथ ही, स्थानीय व्यापारियों की आजीविका और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की मूल भावना भी बुरी तरह प्रभावित होगी। मंच ने जिले के व्यापारियों और सजग नागरिकों से इस गंभीर मुद्दे पर लगातार आवाज उठाने और विदेशी एकाधिकार का विरोध करने की अपील की है।

दीपावली पर स्वदेशी अपनाने का आह्वान

पुतला दहन और विरोध प्रदर्शन के इस अवसर पर स्वदेशी जागरण मंच ने आगामी दीपावली पर्व को लेकर भी आमजन से विशेष अपील की। मंच ने कहा कि नागरिक ज्यादा से ज्यादा स्वदेशी वस्तुओं और स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को बढ़ावा दें तथा चीनी वस्तुओं के उपयोग से बचें। स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने से न केवल हमारे स्थानीय कारीगरों को आर्थिक संबल मिलेगा, बल्कि देश की आत्मनिर्भरता भी मजबूत होगी।

प्रदर्शन में इनकी रही प्रमुख उपस्थिति

इस विरोध प्रदर्शन में विभिन्न संगठनों और व्यापारी वर्ग के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से स्वदेशी जागरण मंच के जिला विचार प्रमुख अनुपम दुबे, जिला सहसंयोजक डॉ. रेखा चौरसिया, सहसंयोजक विनीत परिहार, नगर समन्वयक आरती तिवारी, जिला संघचालक हीरानंद चंद्रवंशी, नगर संचालक रामेश्वर अग्रवाल, प्रांतीय प्रचार विभाग के विनायक तांबे और जिला प्रशिक्षक अभिषेक रैदास उपस्थित रहे।


Leave a Comment