बिना सेफ्टी जैकेट और स्टॉपर के जान जोखिम में डालकर काम कर रहे मजदूर

Advertisements

एनएच 30 के उदयपुर में फिर अनहोनी को खुला न्योता

डिवाइडर पुताई के काम में बरती जा रही लापरवाही

  • बिना सेफ्टी जैकेट और स्टॉपर के जान जोखिम में डालकर काम कर रहे मजदूर
  • टोल प्लाजा जैसी बड़ी जनहानि का इंतजार कर रहे जिम्मेदार

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जबलपुर मार्ग में उदयपुर से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-30 पर एक बार फिर बड़ी अनहोनी को खुला न्योता दिया जा रहा है। यहां हाईवे के बीचों-बीच डिवाइडर की पुताई का कार्य ठेकेदार द्वारा कराया जा रहा है, लेकिन कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों को पूरी तरह से ताक पर रख दिया गया है। तेज रफ्तार से दौड़ते भारी वाहनों के बीच काम कर रहे मजदूरों की सुरक्षा के लिए कोई भी पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं।बताया गया कि मौके पर कार्य कर रहे न तो किसी कर्मचारी या मजदूर ने सुरक्षा जैकेट पहनी है और न ही काम की निगरानी कर रहे सुपरवाइजर ने इसे पहनना जरूरी समझा है। नियम के विरुद्ध हाईवे पर कार्यस्थल के पहले कोई स्टॉपर, चेतावनी बोर्ड या रेडियम कोन तक नहीं रखे गए हैं, जिससे दूर से आने वाले वाहन चालकों को काम चलने का पता चल सके। इसके अलावा, काम में लगे लोगों की चार पहिया वाहन भी सड़क किनारे खड़ी रहती है, जो किसी भी वक्त बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

8 मजदूरों की मौत से नहीं लिया सबक 

बताया गया कि कुछ समय पूर्व ही मंडला जबलपुर नेशनल हाईवे मार्ग में टोल प्लाजा के पास ठीक इसी तरह की घोर लापरवाही के कारण एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो चुका है। उस हादसे में बिना सुरक्षा इंतजाम के काम कर रहे 8 मजदूर अकारण ही काल के गाल में समा गए थे। इतनी बड़ी जनहानि के बावजूद निर्माण व रखरखाव एजेंसियों ने कोई सबक नहीं लिया है। अगर समय रहते सुरक्षा के पुख्ता उपाय नहीं किए गए, तो यहां भी किसी जानलेवा हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल इस ओर ध्यान देते हुए सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने की आवश्यकता है।


Leave a Comment