चकदेही घाट के खतरनाक मोड़ पर पलटने से बचा 10 चक्का ट्रक
चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, पहले भी हो चुके कई हादसे
- हादसों का ब्लैक स्पॉट बना चकदेही घाट का नया मोड़
- बस दुर्घटना में जा चुकी हैं 3 जानें, ग्रामीणों ने की सुधार की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज के स्थानीय देवरी कला बबलिया के समीपस्थ चकदेही घाट के खतरनाक मोड़ पर एक 10 चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर पलटने से बाल-बाल बच गया। ट्रक चालक ने अपनी त्वरित सूझबूझ का परिचय देते हुए बिल्कुल सटीक समय पर ब्रेक लगा दिए, जिससे एक बहुत बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी अनुसार बबलिया के चकदेही घाट का यह स्थान वाहन चालकों के लिए हमेशा से एक जानलेवा ब्लैक स्पॉट बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि इस अंधे और खतरनाक मोड़ पर पूर्व में भी 3 सीमेंट लदे ट्रक, 1 रेत का ट्रक, 1 पिकअप वाहन और 1 यात्री बस पलट चुके हैं। इनमें से यात्री बस पलटने की हृदयविदारक दुर्घटना में तीन लोगों को अपनी जान भी गंवानी पड़ी थी।
सड़क निर्माण में तकनीकी खामी का आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि इसी वर्ष इस सड़क का नवनिर्माण कराया गया है, लेकिन निर्माण के दौरान मोड़ की कटिंग पर्याप्त मात्रा में और तकनीकी मानकों के अनुसार नहीं की गई। इसी तकनीकी खामी के कारण यहां हमेशा गंभीर हादसों का खतरा मंडराता रहता है।
जिला प्रशासन से लगाई गुहार
लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए ग्राम निवासी नन्हे लाल यादव, जगदीश धुर्वे, गौतम यादव, मायाराम कुलस्ते, गोमती उइके, संतरा भवेदी, सोनल धुर्वे, मूलचंद मरावी सहित अन्य ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अपील की है। उन्होंने मांग की है कि तत्काल इस खतरनाक मोड़ का सुधार और चौड़ीकरण कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की जनहानि और बड़ी अनहोनी को रोका जा सके।










