मंडला की 7 होनहार ताइक्वांडो खिलाड़ी बालाघाट रवाना
क्षेत्रीय प्रतियोगिता में दिखाएंगी दमखम
- अंडर-19 बालिका वर्ग में करेंगी जिले का प्रतिनिधित्व
- जनजातीय कार्य विभाग के अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
मंडला महावीर न्यूज 29. जनजातीय कार्य विभाग, मंडला की सात प्रतिभावान बालिका ताइक्वांडो खिलाड़ियों की टीम अंडर-19 क्षेत्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए बालाघाट रवाना हो गई है। जिले का प्रतिनिधित्व कर रही ये होनहार बेटियां अब क्षेत्रीय स्तर पर अपने खेल का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मंडला का गौरव बढ़ाएंगी।
कालपी में हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन से मिली जगह
उल्लेखनीय है कि हाल ही में संदीपनी विद्यालय, कालपी में जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता में अपने-अपने वजन वर्ग में उत्कृष्ट और शानदार प्रदर्शन के आधार पर इन सात बालिकाओं का चयन क्षेत्रीय स्तर की स्पर्धा के लिए किया गया है।
ये खिलाड़ी दिखाएंगे अपनी प्रतिभा
क्षेत्रीय प्रतियोगिता में मंडला जिले का प्रतिनिधित्व करने वाली टीम में 40 किग्रा वजन वर्ग में नीलम बैरागी, 42 किग्रा में निर्मला कुलस्ते, 44 किग्रा में लक्ष्मी पनारिया, 46 किग्रा में रूबी पनारिया, 49 किग्रा में राधा कुलस्ते, 52 किग्रा में चंद्रलता परते और 55 किग्रा वजन वर्ग में कृष्णा मरावी शामिल हैं। यह पूरी टीम कोच एवं टीम प्रभारी झामसिंह तेकाम, अजीत वरकड़े और यास्मीन सैयाम के कुशल मार्गदर्शन में बालाघाट के लिए रवाना हुई है।
अधिकारियों ने बढ़ाया उत्साह
खिलाड़ियों के क्षेत्रीय स्तर पर चयनित होने और बालाघाट रवानगी के अवसर पर जनजातीय कार्य विभाग मंडला के खेल अधिकारी मंगल सिंह पांद्रे, डी.एस. ठाकुर और पंकज सर ने हर्ष व्यक्त करते हुए पूरी टीम को बधाई दी है। अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आशा व्यक्त की है कि मंडला की टीम अनुशासन, कड़ी मेहनत और सच्ची खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगी और समूचे जिले का नाम रोशन करेगी।










