मंडला में कोटवारों का अनिश्चितकालीन धरना जारी
आज 28 अक्टूबर को निकालेंगे रैली, कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन
- लंबित मांगों को लेकर मुखर हुए कोटवार
- 31 अक्टूबर को भोपाल में आयोजित प्रांतीय आंदोलन में होंगे शामिल
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्य प्रदेश आजाद कोटवार कर्मचारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर मंडला जिले के कोटवार अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर पिछले एक सप्ताह से कलेक्टोरेट मार्ग पर धरने पर डटे हुए हैं। आंदोलन की अगली कड़ी में आज बुधवार 28 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे कोटवारों द्वारा एक विशाल रैली निकाली जाएगी, जिसके बाद मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद जिले के कोटवार 31 अक्टूबर को भोपाल में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय वृहद आंदोलन में भाग लेने के लिए रवाना होंगे।
स्थायी नौकरी और सम्मानजनक वेतन की मांग
संघ के जिला पदाधिकारियों ने बताया कि शासन के लगभग सभी विभागों का महत्वपूर्ण मैदानी कार्य लेने के बावजूद सरकार द्वारा कोटवारों की सेवाओं को स्थायी नहीं किया जा रहा है, न तो उन्हें सम्मानजनक वेतन दिया जा रहा है और न ही कोटवारी भूमि का मालिकाना हक प्रदान किया जा रहा है। सामाजिक सुरक्षा के तहत मिलने वाली पेंशन और बीमा जैसी सुविधाओं से वंचित रहने के कारण कोटवार परिवारों के सामने गहरा आर्थिक व सामाजिक संकट बना हुआ है।
वर्दी और भत्तों की अनदेखी का आरोप
कोटवारों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि पिछले तीन वर्षों से वर्दी, गर्म कपड़े, जूते और टॉर्च की राशि उनके बैंक खातों में जमा नहीं कराई गई है, जबकि प्रदेश के अन्य जिलों में यह राशि नियमित रूप से मिल रही है। प्रशासन द्वारा घटिया किस्म की रेडीमेड वर्दी देने का प्रयास किया जा रहा है, जो पहनने लायक नहीं है। हालत यह है कि पिछले दो वर्षों की वर्दी तहसील मुख्यालयों में रखी-रखी सड़ रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
31 को भोपाल में देंगे महाधरना
कोटवारों का कहना है कि सरकार लंबे समय से उनके साथ छलावा करती आ रही है, जिसके विरोध में पूरे प्रदेश के कोटवार 31 अक्टूबर को भोपाल में एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे। इस आंदोलन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष रमेश सोनवानी, जिला संगठन प्रभारी एवं प्रदेश प्रवक्ता कुंवर दास धारवैया, संभाग सदस्य संत कुमार मरकाम, तहसील अध्यक्ष नैनपुर राजकुमार दास, जिला कोषाध्यक्ष धीरज बैरागी, जिला संरक्षक आशाराम मलगाम सहित मंडला, बिछिया व नैनपुर तहसील के पदाधिकारी एवं महिला प्रकोष्ठ के सदस्य प्रमुख रूप से कर रहे हैं।











