सीबीएसई स्किल एक्सपो 2026 में ब्रेन चाइल्ड एकेडमी के विद्यार्थियों का परचम
- राज्य स्तर पर हुआ चयन, जबलपुर में संपन्न हुआ स्किल एक्सपो
- ऑनलाइन साइंस लैब प्रोजेक्ट से चमके वंश, कुशाग्र और आदर्श
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला स्थित ब्रेन चाइल्ड एकेडमी के कक्षा 11वीं एवं 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए अभिनव प्रोजेक्ट का चयन सीबीएसई स्किल एक्सपो एंड करियर गाइडेंस फेस्टिवल 2026 के राज्य स्तरीय आयोजन के लिए हुआ है। जबलपुर के पोलीपाथर स्थित सत्य प्रकाश पब्लिक स्कूल में आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने उत्कृष्ट नवाचार का प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का मान बढ़ाया है।
विद्यार्थियों द्वारा तैयार प्रोजेक्ट ऑनलाइन साइंस लैब, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान के वास्तविक प्रयोगों के साथ विज्ञान शिक्षा को अधिक रोचक, सुलभ और व्यावहारिक बनाने की दिशा में एक बेहतरीन पहल साबित हुआ। इस प्रोजेक्ट को विद्यालय के प्रतिभावान छात्र वंश अग्रवाल, कुशाग्र पाठक और आदर्श सोनी ने तैयार और प्रस्तुत कर अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और तकनीकी दक्षता का शानदार परिचय दिया।
करियर गाइडेंस के साथ दिया मार्गदर्शन
कार्यक्रम के दौरान आयोजित करियर गाइडेंस फेस्टिवल में भी विद्यार्थियों ने बढ़कर हिस्सा लिया और विभिन्न क्षेत्रों से आए विशेषज्ञों से भविष्य की संभावनाओं व करियर विकल्पों पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस उपलब्धि के पीछे विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक रौनक ज्योतिषी और नित्या चौरसिया की महत्वपूर्ण भूमिका व मार्गदर्शन रहा।
निदेशक व प्राचार्य ने दी बधाई
विद्यार्थियों की इस राज्य स्तरीय सफलता पर विद्यालय के निदेशक निशांत शुक्ला एवं प्राचार्य डॉ. दिव्या शुक्ला ने हर्ष व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों और मार्गदर्शक शिक्षकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्थान किताबी ज्ञान के साथ नवाचार, व्यावहारिक अनुभव और कौशल विकास के अवसर प्रदान करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।











