मुख्यमंत्री के प्रवास पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप
मंडला में कांग्रेसी विधायक और एनएसयूआई नेता नजरबंद के बाद गिरफ्तार
- प्रशासनिक कार्रवाई पर बिफरी कांग्रेस
- काले झंडे दिखाने जा रहे नेताओं को पुलिस ने रोका, बताया लोकतंत्र की हत्या
मंडला महावीर न्यूज 29. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मंडला प्रवास के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर कांग्रेस का आक्रोश भड़क उठा है। जनहित के मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री को शांतिपूर्ण ढंग से काले झंडे दिखाने जा रहे कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व, विधायकों और अग्रिम संगठनों के कार्यकर्ताओं को पुलिस बल ने बैरिकेड्स लगाकर रोक दिया। इस दौरान कई प्रमुख नेताओं को नजरबंद किया गया तथा दर्जनों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर हिरासत में लिया गया। इस कार्रवाई को जिला कांग्रेस कमेटी ने तानाशाही करार दिया है।
बैरिकेड्स लगाकर रोके गए विधायक और कार्यकर्ता
जानकारी अनुसार तेंदूपत्ता बोनस वितरण कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री के समक्ष स्थानीय मुद्दों पर विरोध दर्ज कराने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. अशोक मर्सकोले, पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश तिवारी, बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा एवं निवास विधायक चैन सिंह वरकड़े के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता काले झंडे लेकर निकले। हालांकि, कार्यक्रम स्थल से काफी पहले ही भारी पुलिस बल ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया और वरिष्ठ नेताओं को नजरबंद कर दिया। कांग्रेस विधायकों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि सरकारी खजाने के बोनस वितरण कार्यक्रम से जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों को गायब कर दिया गया, जो लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है।
एनएसयूआई नेताओं सहित दर्जनों कार्यकर्ता हिरासत में
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारेबाजी की। स्थिति को नियंत्रित करने के नाम पर पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए एनएसयूआई के नगर अध्यक्ष अंकित रजक सहित जिला, ब्लॉक एवं युवा कांग्रेस के अनेक कार्यकर्ताओं को जबरन गाडिय़ों में भरकर विभिन्न थानों में भेज दिया।
संवैधानिक अधिकारों की बहाली और आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस पार्टी ने स्पष्ट किया कि संविधान में हर नागरिक और विपक्ष को असहमति व्यक्त करने तथा शांतिपूर्ण प्रदर्शन का पूर्ण अधिकार है। जिला कांग्रेस कमेटी मंडला ने गिरफ्तार एनएसयूआई नगर अध्यक्ष अंकित रजक समेत सभी साथियों की बिना शर्त रिहाई और दमनकारी नीति बंद करने की मांग की है। नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को तत्काल रिहा नहीं किया गया, तो यह आंदोलन केवल मंडला तक सीमित न रहकर पूरे प्रदेश में उग्र रूप धारण करेगा।










