25 वर्षों से भिक्षा मांगकर कर रहे साईं भंडारे का आयोजन

Advertisements

साईं भक्ति की अनूठी मिसाल

25 वर्षों से भिक्षा मांगकर कर रहे साईं भंडारे का आयोजन

  • सामाजिक कार्यकर्ता किशोर रजक का 26वां मौन व्रत संकल्प
  • मंडला में 9 दिन भिक्षाटन और मौन व्रत के बाद विजयादशमी पर करेंगे भव्य महाभंडारा

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में साईं बाबा की सेवा और अनूठी भक्ति की अद्भुत मिसाल देखने को मिल रही है। पिछले 25 वर्षों से भिक्षा मांगकर साईं भंडारे का आयोजन करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता किशोर रजक इस वर्ष भी अपना संकल्प जारी रखेंगे। उन्होंने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी वे 11 अक्टूबर को नवरात्रि की बैठकी से लगातार 9 दिनों तक मौन व्रत रखते हुए नगर में घर-घर जाकर भिक्षा ग्रहण करेंगे। उनके इस निष्काम संकल्प का यह 26वां वर्ष है।

किशोर रजक साईं बाबा की प्रतिमा को हाथ ठेले पर विराजमान कर पूरे नगर में भिक्षाटन करते हैं और इस दौरान पूर्ण मौन उपवास पर रहते हैं। उनका कहना है कि यह भंडारा पूरी तरह श्रद्धालुओं द्वारा भिक्षा में दी गई सामग्री और राशि से ही संपन्न होता है। वे किसी से विशेष रूप से कुछ नहीं मांगते, बल्कि भक्त अपनी श्रद्धा से जो भी अर्पण करते हैं, उसे वे सहर्ष स्वीकार करते हैं। उनका मानना है कि देने वाला और लेने वाला केवल परमात्मा है; वे स्वयं सिर्फ एक माध्यम हैं।

देश भर से मिल रहा सहयोग, विजयादशमी पर महाप्रसाद का वितरण 

पिछले ढाई दशकों से निरंतर जारी इस सेवा कार्य की ख्याति अब मध्य प्रदेश के साथ-साथ अन्य राज्यों तक पहुँच चुकी है। विभिन्न राज्यों के श्रद्धालु भी ऑनलाइन माध्यम से भिक्षा राशि भेजकर इस पुण्य कार्य में सहभागिता निभा रहे हैं। नवरात्र के 9 दिवसीय भिक्षाटन के बाद विजयादशमी दशहरा के दिन नर्मदा जी वार्ड स्थित साईं दरबार में विशाल महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर हजारों की संख्या में धर्मप्रेमी भोजन प्रसादी ग्रहण करने पहुँचते हैं। किशोर रजक ने सभी श्रद्धालुओं से भिक्षा सेवा में सहभागी बनकर इस कार्य में सहयोग करने की अपील की है।


Leave a Comment

You May Like This