मंडला में 29 सितंबर को विराट त्रिशूल दीक्षा एवं युवा संवाद
विहिप-बजरंग दल ने तेज की तैयारियां
- अशोक सिंघल जी की जन्म शताब्दी पर मंडला में जुटेंगे युवा
- त्रिशूल दीक्षा के साथ राष्ट्रीय विषयों पर होगा मंथन
मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) और बजरंग दल (महाकौशल प्रांत) के तत्वावधान में 29 सितंबर (मंगलवार) को मंडला में ‘विराट त्रिशूल दीक्षा एवं युवा संवाद’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धेय श्री अशोक सिंघल जी की जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। हाल ही में हुई एक बैठक में इस वृहत आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई।
सत्कार सेलिब्रेशन में होगा मुख्य आयोजन
यह कार्यक्रम डिंडौरी रोड स्थित सत्कार सेलिब्रेशन में दोपहर 1 बजे से आयोजित किया जाएगा। आयोजन में मुख्य रूप से रायपुर (छत्तीसगढ़) के आचार्य रमेश कुमार जी और विहिप-बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक माननीय किशन प्रजापत जी शामिल होंगे। इनके साथ ही कार्यक्रम में विभिन्न संतों और गणमान्य अतिथियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
युवाओं को दिलाया जाएगा राष्ट्रहित और सनातन संस्कृति का संकल्प
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं के भीतर राष्ट्र, धर्म, संस्कृति और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूकता का संचार करना है। साथ ही, इसके जरिए हिन्दू समाज की एकता, संगठन और संस्कारों को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।
‘त्रिशूल दीक्षा’ कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को सनातन संस्कृति और राष्ट्रहित के प्रति पूर्ण समर्पण का संकल्प दिलाया जाएगा। वहीं, ‘युवा संवाद’ सत्र के तहत युवाओं के साथ सामाजिक एवं राष्ट्रीय महत्व के विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।
आयोजन को सफल बनाने का आह्वान
कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के जिला और नगर पदाधिकारियों ने जिले के सभी धर्मप्रेमी बंधुओं, मातृशक्ति एवं युवाओं से अपील की है। उन्होंने आह्वान किया है कि अधिक से अधिक संख्या में इस आयोजन में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।










