भगवान श्रीकृष्ण ने किया जल विहार

भगवान ने किया जल विहार, भक्ति भाव से मनाया डोल ग्यारस पर्व

नर्मदा घाट में किया पूजा अर्चना, श्री हरि के जयकारे से गूंज उठा नगर

  • पुल में लगा लंबा जाम, सैकड़ों वाहन फंसे, परेशान हुए लोग
  • भक्ति के बीच अव्यवस्थाओं का सामना, डोल ग्यारस मेले में उमड़ी भीड़

मंडला महावीर न्यूज 29. डोल ग्यारस पर्व भक्ति भाव से मनाया गया। भक्तों ने भगवान को जयकारों के साथ जल विहार कराया। वहीं नर्मदा नदी में जल स्तर में बढ़ोत्तरी हुई है, जिसके कारण भक्त भगवान को नर्मदा घाट किनारे लाकर पूजन अर्चन के बाद नौका बिहार कराकर वापस अपने स्थान ले गए। वहीं रंगरेज घाट में डोल ग्यारस पर्व पर मेले का आयोजन किया गया। डोल ग्यारस के मेले में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।डोल ग्यारस पर्व पर मंदिर में विशेष पूजन के साथ विमान नगर में निकालते हुए रंगरेज घाट पहुंचे। डोल ग्यारस पर्व पर भक्तो में भगवान के प्रति आस्था देखने मिली। मंदिर में पूजन-अर्चन का दौर चलता रहा। भगवान को संगम घाट, पीपल घाट, रंगरेज घाट, नाव घाट समेत महाराजपुर में भक्त उमड़ पड़े। डोल ग्यारस पर्व पर नगर एवं उपनगर महाराजपुर से डोल निकाले गए। डोल प्रमुख मार्गो से होते हुए नर्मदा तट पर पहुंचे लेकिन सुरक्षा की दृष्टि से जिला प्रशासन ने इंतजाम किये थे।
नगर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रो से भी बड़ी संख्या में भगवान के दर्शन के लिए श्रृद्घालु पहुंचे। श्री राम मंदिर, कृष्ण मंदिर, पीपल घाट नर्मदा आश्रम, पुरवा, हनुमानघाट से भगवान का विमान गाजे-बाजे के साथ निकाला गया। भक्तो ने श्री हरि के जयकारे लगाये। नगर डोल ग्यारस पर्व पर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन हो गया। यहां सुबह से देर शाम तक पूजन अर्चन का दौर चलता रहा।

रंगरेजघाट में लगा मेला

डोल ग्यारस पर्व पर रंगरेज घाट में मेला भरा। मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। बताया गया है कि शहरी क्षेत्र के अलावा ग्रामीण क्षेत्रो से भी लोग रंगरेज घाट मेला स्थल में पहुंचे। डोल ग्यारस मेले को लेकर लोगो में खासा उत्साह रहा है। जिसके चलते लोग डोल ग्यारस के मेले में उत्साह के साथ शामिल हुए। पर्व के चलते शहर के रंगरेजघाट में मेले का आयोजन गांधी मैदान में किया गया। मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

घाटो पर रही सुरक्षा

डोल ग्यारस पर्व में नर्मदा घाट पर पहुंचने वाले लोगो की संख्या को देखते हुए सुरक्षा इंतजाम किए गए। यहां घाट के आसपास व मुख्य चौक, चौराहों में पुलिस बल तैनात रहा। वहीं झूला पुल में भी लोगों का हुजूम लगा रहा। यहां यातायात पुलिस तैनात रही, लोगों को पुल के किनारे आने से रोका गया। जिससे कोई अप्रिय घटना ना हो सके।

प्रमुख स्थानों से निकले भगवान के डोला 

डोल ग्यारस पर्व पर नगर एवं उपनगर महाराजपुर से डोल निकाले गए। डोल प्रमुख मार्गो से होते हुए नर्मदा तट पर पहुंचे। विशेष पूजन अर्चन के बाद भगवान को नगर भ्रमण कराया गया। इस दौरान नगर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रो से भी बड़ी संख्या में भगवान का जलविहार देखने श्रृद्घालु पहुंचे। श्री राममंदिर, कृष्ण मंदिर, पुरवा, हनुमानघाट से भगवान का विमान गाजे बाजे के साथ निकाला गया। भक्तो ने श्री हरि के जयकारे लगाये। नगर डोल ग्यारस पर्व पर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन हो गया। यहां सुबह से देर शाम तक पूजन अर्चन का दौर चलता रहा।

नगरपालिक द्वारा हुई व्यवस्था 

नगरपालिका द्वारा मेला स्थल की साफ सफाई समुचित स्थान पर प्रतिष्ठानों का लगना, पानी व बिजली व्यवस्था, नगरपालिका के द्वारा कराई गई। मेले के दौरान नर्मदा घाट में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो जिसके लिए नपा द्वारा गोताखोरों व लाईफ गार्डों की व्यवस्था रही। वहीं होमगार्ड के द्वारा नर्मदा तटों पर चौकसी रखी। मेला में असामाजिक तत्वों के द्वारा अप्रिय घटना न घट सके जिसके लिए पुलिस की चाक चौबंध व्यवस्था रही।

बच्चों ने उठाया लुफ्त 

मेले में आए बच्चों ने चाट, पकोड़ी, खिलौनों व झूलों का भरपूर आनंद उठाया। जिनके साथ उनके पालकों ने भी मेले का पूरा मजा लिया। झूलों का आनंद बच्चों समेत युवतियों ने भी उठाया। मेले में आए व्यापारियों ने बताया कि इस वर्ष मेला स्थल साफ -सुथरा व सुविधाजनक रहा। मेला स्थल में लोगों की भीड़ जमा होने से मेला स्थल संकीर्ण हो गया है।

जगह कम, शाम को पुल पर लगा जाम 

मेले में उमड़ी भीड़ के बीच व्यवस्थाओं की कमी भी सामने आई। रंगरेज घाट मेला स्थल पर पहले से ही जगह सीमित है। बताया गया कि नगर पालिका द्वारा मैदान का एक हिस्सा किराए पर दिए जाने के बाद वहां टीन शेड लगाकर निर्माण भी किया गया है। इससे मेले के लिए उपलब्ध जगह और कम हो गई। भीड़ बढऩे पर लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया गया कि शाम करीब 6.30 बजे पुल पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम की स्थिति इतनी गंभीर रही कि पुलिस वाहन भी इसमें फंसा नजर आया। मेले में आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की संख्या बढऩे के कारण काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।


राधा कृष्ण कुटी से धूमधाम से निकली डोल ग्यारस की शोभायात्रा

  • राधे-कृष्ण के जयकारों से गूंजा नगर, जगह-जगह पुष्प वर्षा कर हुआ भव्य स्वागत
  • सुसज्जित डोल में विराजमान होकर निकले भगवान श्रीकृष्ण

मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज के राधा कृष्ण कुटी से भगवान श्री कृष्ण की पावन डोल ग्यारस एकादशी के अवसर पर भव्य शोभायात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा के दौरान पूरे मार्ग में भगवान के जयकारों की गूंज बनी रही, जिससे समूचा नगर भक्तिमय हो उठा।

शोभायात्रा की शुरुआत दोपहर 3 बजे राधा कृष्ण कुटी में भगवान के विशेष पूजन, अभिषेक और महाआरती के साथ हुई। इसके पश्चात भगवान श्रीकृष्ण को एक अत्यंत सुंदर और सुसज्जित डोल विमान में विराजमान कर यात्रा का शुभारंभ किया गया।

भजनों पर झूमते रहे श्रद्धालु 

यात्रा में ढोल-नगाड़ों की थाप और श्रद्धालुओं का संकीर्तन मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। भक्तजनों ने डोल की धुन पर जमकर नृत्य किया। जय श्री कृष्ण और राधे-राधे के मधुर भजनों ने माहौल को पूरी तरह से भक्तिमय बना दिया। मार्ग में जगह-जगह स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भगवान के डोल का भव्य स्वागत किया। विभिन्न स्थानों पर भक्तों के लिए प्रसाद और शीतल जल का भी वितरण किया गया। वहीं, बस स्टैंड के व्यापारियों द्वारा भी श्री कृष्ण डोल ग्यारस एकादशी के अवसर पर विशेष प्रसाद का भोग लगाया गया।

जलविहार और करवट बदलने की है मान्यता 

कुटी के महंत कृष्ण कुमार पांडे ने इस पर्व का महत्व बताते हुए कहा कि डोल ग्यारस का यह पर्व भगवान के जलविहार और निद्रा में करवट लेने की खुशी में मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि कुटी में यह धार्मिक परंपरा वर्षों से अत्यंत श्रद्धापूर्वक निभाई जा रही है।

इनकी रही प्रमुख उपस्थिति 

इस शोभायात्रा को सफल बनाने में नगर के सभी भक्तगणों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से राधा कृष्ण कुटी के पुजारी महंत कृष्ण कुमार पांडे, रघुनंदन विश्वकर्मा, अखिलेश अग्रवाल, राजेश सोनी, गिरीश अग्रवाल, रज्जू शर्मा, जितेंद्र अग्रवाल, मगन अग्रवाल, श्याम महाराज, संतोष सोनी, रवि बडोनिया और प्रशांत सोनी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


Leave a Comment