TWTA का प्रांतीय सम्मेलन
टीईटी से नहीं घबराएं शिक्षक, कोर्ट में जारी है लड़ाई
- प्रथम नियुक्ति दिनांक से सेवा लाभ पर जोर
- ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन का आगामी अधिवेशन कान्हा में होगा
- संयुक्त मोर्चा के आंदोलन को दिया समर्थन
भोपाल/मंडला महावीर न्यूज 29. राजधानी के गांधी भवन में ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन (TWTA) का प्रांतीय सम्मेलन प्रदेश अध्यक्ष डी.के. सिंगौर की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण बैठक में शिक्षकों की समस्याओं, टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा), सेवा लाभ और संगठन को सुदृढ़ बनाने पर गहन विचार-मंथन किया गया। सम्मेलन में मंडला, झाबुआ, सीधी, छिंदवाड़ा, इंदौर, भोपाल सहित प्रदेश के एक दर्जन से अधिक जिलों के प्रांतीय, जिला और ब्लॉक पदाधिकारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम की शुरुआत मंचासीन अतिथियों को महात्मा गांधी के जीवन और विचारों पर आधारित पुस्तकें भेंट कर की गई।
टीईटी से घबराने की जरूरत नहीं, न्याय मिलेगा
सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डी.के. सिंगौर ने स्पष्ट किया कि टीईटी को लेकर शिक्षक साथियों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बताया कि अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा टीईटी की अनिवार्यता समाप्त कराने के लिए प्रयासरत है, वहीं TWTA इस मामले में न्यायालय में मजबूती से कानूनी लड़ाई लड़ रहा है। संगठन को पूर्ण विश्वास है कि शिक्षकों को न्याय मिलेगा। इसके साथ ही उन्होंने प्रथम नियुक्ति दिनांक से सेवा अवधि की गणना को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे सेवानिवृत्ति पर ग्रेच्युटी, पेंशन और अवकाश नगदीकरण जैसे लाभ सम्मानजनक रूप से मिल सकेंगे।
कान्हा में होगा अगला प्रांतीय अधिवेशन, ऑनलाइन रहेगी सदस्यता
संगठनात्मक मजबूती पर चर्चा करते हुए निर्णय लिया गया कि रसीद कट्टा आधारित प्रणाली की जगह ऑनलाइन सदस्यता व्यवस्था ही लागू रहेगी। इसे और अधिक सरल बनाने पर काम किया जाएगा। बैठक में आय-व्यय का पारदर्शी ब्यौरा भी पेश किया गया। साथ ही सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बारिश के बाद संगठन का आगामी प्रांतीय अधिवेशन मंडला जिले के कान्हा में आयोजित किया जाएगा, जहां पदाधिकारियों की सक्रियता के आधार पर कार्यकारिणी का पुनर्गठन होगा।
अदालत से दिवंगत शिक्षक के परिवार को राहत
सम्मेलन के दौरान 16 बर्खास्त शिक्षकों के मामले में एक बड़ी सफलता की जानकारी दी गई। दिवंगत शिक्षक श्री यज्ञसेन की पत्नी श्रीमती सुषमा पनिका के पक्ष में एसोसिएशन द्वारा उच्च न्यायालय से प्राप्त आदेश की प्रति सीधी जिला अध्यक्ष को सौंपी गई, ताकि पीड़ित परिवार को अनुकंपा नियुक्ति और अन्य वैधानिक लाभ जल्द मिल सकें।
उत्कृष्ट पदाधिकारियों का हुआ सम्मान
इस अवसर पर टीईटी मुक्ति अभियान और संगठन हित में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों को महात्मा गांधी की आत्मकथा भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में विभिन्न जिलों और ब्लॉक के अध्यक्ष व सचिव शामिल रहे। सोशल मीडिया के माध्यम से शिक्षकों तक जरूरी जानकारी पहुंचाने के लिए महासचिव सुरेश यादव का विशेष सम्मान किया गया। वहीं, शिक्षकों के हित में उत्कृष्ट नेतृत्व के लिए उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष डी.के. सिंगौर का भी सम्मान किया गया।
आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने पर बनी सहमति
सम्मेलन के समापन के बाद सभी पदाधिकारी अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा की प्रांतीय बैठक में शामिल हुए। यहां टीईटी परीक्षा, ई-अटेंडेंस और नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता के ज्वलंत मुद्दों पर संयुक्त मोर्चा द्वारा तय किए गए आगामी आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने पर सहमति जताई गई।









