टीईटी परीक्षा के विरोध में शिक्षकों की भूख हड़ताल
पुरानी पेंशन और वरिष्ठता की मांग, कलेक्ट्रेट मार्ग पर किया प्रदर्शन
- आजाद अध्यापक शिक्षक संघ का प्रदर्शन
- मांगें न पूरी होने पर 1 अक्टूबर से भोपाल में अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी
मंडला महावीर न्यूज 29. आजाद अध्यापक शिक्षक संघ के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर रविवार को जिले के शिक्षकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने कलेक्ट्रेट मार्ग पर धरना देते हुए शाम 5 बजे तक एक दिवसीय भूख हड़ताल की। इसके बाद एक विशाल रैली निकालकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदर्शन के दौरान संघ ने कार्यरत शिक्षकों पर दोबारा टीईटी थोपे जाने का कड़ा विरोध किया। संघ की मुख्य मांगें वर्षों से सेवा दे रहे और अर्हता पूरी कर चुके शिक्षकों पर पुन: पात्रता परीक्षा थोपने के आदेश को तत्काल वापस लिया जाए। नियुक्ति की पहली तारीख से सेवा काल की गणना करते हुए वरिष्ठता तय की जाए। शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने के साथ ग्रेच्युटी व अन्य लंबित लाभ प्रदान किए जाएं।
पूर्व में आंदोलन के बाद भी नहीं हुआ निराकरण
संघ के जिलाध्यक्ष संतोष सोनी ने कहा कि जो शिक्षक लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, उन पर फिर से टीईटी परीक्षा थोपना पूरी तरह अनुचित है। संघ के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि पूर्व में भोपाल में किए गए बड़े प्रदर्शनों के बावजूद सरकार द्वारा शिक्षकों के हित में कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया है।
1 अक्टूबर से भोपाल में अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी
शिक्षकों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उनकी जायज मांगों का निराकरण नहीं किया गया, तो 1 अक्टूबर से भोपाल में राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस भूख हड़ताल और प्रदर्शन में संघ के प्रांतीय व जिला पदाधिकारियों सहित जिलेभर के बड़ी संख्या में शिक्षक व शिक्षिकाएं शामिल रहे।









