रसोई घर से जहरीले कोबरा का रेस्क्यू, सुरक्षित जंगल में छोड़ा

रसोई घर से जहरीले कोबरा का रेस्क्यू, सुरक्षित जंगल में छोड़ा

  • ग्राम बबलिया के एक घर में निकला खतरनाक नाग
  • बीट गार्ड और सर्प मित्र रंजीत ठाकुर ने किया रेस्क्यू, दी प्राथमिक उपचार की सलाह

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज के ग्राम बबलिया में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ग्रामीण के घर की रसोई में अत्यधिक जहरीला सांप देखा गया। वन विभाग की टिकरिया रेंज के बबलिया सर्किल बीट गार्ड आनंद दंडोतिया के समन्वय से सर्प मित्र रंजीत ठाकुर द्वारा कोबरा नाग का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया।जानकारी अनुसार ग्राम बबलिया निवासी रजनी बाई पिता संपत उइके के घर की रसोई के छप्पर में एक स्पेक्टेकल कोबरा घुस आया था। परिजनों द्वारा इसकी जानकारी दिए जाने पर बबलिया बीट गार्ड आनंद दंडोतिया के माध्यम से निवास के सर्प मित्र रंजीत ठाकुर को सूचित किया गया। सर्प मित्र ने मौके पर पहुंचकर अत्यंत सावधानी के साथ नाग का रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित रूप से प्राकृतिक रहवास जंगल में छोड़ दिया। सर्प मित्र ने बताया कि यह स्पेक्टेकल कोबरा न्यूरोटॉक्सिक जहर से युक्त अत्यंत खतरनाक श्रेणी का सांप होता है, जिसके दंश से समय पर इलाज न मिलने पर जान जा सकती है।

सर्प मित्र रंजीत ठाकुर की ग्रामीणों से अपील 

सफलतापूर्वक रेस्क्यू के बाद सर्प मित्र रंजीत ठाकुर ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कुछ सावधानियां बरतने की अपील की है। उन्होंने बताया कि रात के समय अंधेरे में बिना रोशनी के न चलें और अचानक जूते-चप्पल में पैर न डालें, पहले उन्हें अच्छे से झाड़ लें। सोते समय अनिवार्य रूप से मच्छरदानी का उपयोग करें जिससे सर्पदंश की आशंका को टाला जा सके। सांप दिखने पर स्वयं उसे पकडऩे या मारने का जोखिम न उठाएं, तुरंत वन विभाग या विशेषज्ञों को सूचित करें।

अंधविश्वास छोड़ अस्पताल पहुंचने की दी सलाह 

रंजीत ठाकुर ने कहां कि यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले, तो झाड़-फूंक या अंधविश्वास में समय गंवाने के बजाय तत्काल नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचना चाहिए। सर्पदंश से जान बचाने का एकमात्र वैज्ञानिक और प्रामाणिक उपाय एंटी-स्नेक वेनम इंजेक्शन ही है, जिससे पीडि़त की जान बचाई जा सकती है।


Leave a Comment