नैनपुर पुलिस का बड़ा खुलासा
युवक की हत्या व युवती पर जानलेवा हमले के 3 आरोपी गिरफ्तार
- युवक-युवती को तार से बांधकर लगाया बिजली का करंट
- करंट लगाकर खेत में फेंका था, उपचार के दौरान युवक की मौत
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के निर्देशन में थाना नैनपुर एवं चौकी पिण्डरई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक की हत्या और युवती पर जानलेवा हमले के सनसनीखेज मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी अनुसार ग्राम खिरसारू चौकी पिण्डरई निवासी पीडि़ता बिन्दो बाई कुलस्ते 19 वर्ष और सिवनी जिले के ग्राम टाला निवासी अभिषेक धुर्वे 19 वर्ष आपस में बातचीत कर रहे थे। इस बात से नाराज होकर आरोपियों ने आपत्ति जताई और दोनों के साथ बेदर्दी से मारपीट की। इतना ही नहीं आरोपियों ने दोनों को जान से मारने की नीयत से बिजली के तारों से बांध दिया और उन्हें करंट लगाया। जब दोनों अचेत हो गए, तो आरोपी उन्हें मृत समझकर खेत में छोड़कर फरार हो गए।
नागपुर में उपचार के दौरान युवक ने तोड़ा दम
घटना में गंभीर रूप से घायल अभिषेक धुर्वे को आनन-फानन में इलाज के लिए नागपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। अभिषेक की मृत्यु के बाद नैनपुर थाने में दर्ज मर्ग की जांच की गई। पीडि़ता के बयानों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 19 सितंबर को थाना नैनपुर में भारतीय न्याय संहिता के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
मामले की गंभीरता को देखते हुए नैनपुर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीन संदेहियों को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लकड़ी का गेड़ा और विद्युत तार बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में चमरालाल उर्फ भूरा मरावी 56 वर्ष, लालसिंह उर्फ नरबद मरावी 27 वर्ष और सुशील कुमार उर्फ शुक्लू मरावी 30 वर्ष, तीनों निवासी ग्राम खिरसारू, चौकी पिण्डरई को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
मामले के त्वरित पर्दाफाश और आरोपियों की गिरफ्तारी में नैनपुर थाना प्रभारी मंशाराम वगेन, पिण्डरई चौकी प्रभारी अंशुल गुप्ता, उप निरीक्षक राजकुमार हिरकने, मनोरंजन नगपुरे, खुशबू बिसेन, प्रधान आरक्षक अवधेश पासी, सलगूराम घावड़े, आरक्षक त्रिलोक, महिला आरक्षक रागिनी भलावी, संगीता तेकाम, चालक महेंद्र परते और एसएसयू बल के आशीष की मुख्य भूमिका रही।









