15 भैंसों से भरा ट्रक जब्त, चालक-परिचालक हिरासत में
- मोहगांव पुलिस ने पकड़ा मवेशियों से भरा संदिग्ध ट्रक
- डिंडौरी से जबलपुर ले जाई जा रहीं 15 भैंसें बरामद
मंडला महावीर न्यूज 29. मोहगांव पुलिस ने पशु परिवहन के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए शुक्रवार सुबह मवेशियों से भरे एक संदिग्ध ट्रक को पकड़ा है। पुलिस ने इस ट्रक से 15 भैंसों को सुरक्षित बरामद कर वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है।
जानकारी अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे मोहगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम इंद्रामाल के पास मंडला-डिंडौरी मुख्य सड़क मार्ग पर पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान डिंडौरी की तरफ से आ रहे एक संदिग्ध ट्रक को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसमें बड़ी संख्या में भैंसें लदी हुई पाई गईं। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि यह ट्रक डिंडौरी से जबलपुर की ओर जा रहा था।
दस्तावेजों की जांच और पूछताछ जारी
ट्रक में मवेशियों के मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत वाहन को जब्त कर लिया और सभी 15 भैंसों को सुरक्षित नीचे उतरवाया। मौके से ट्रक के चालक और परिचालक को पकड़ लिया गया है। पुलिस फिलहाल उनसे पशु परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेजों की मांग कर रही है। इसके साथ ही इस बात की भी गहनता से जांच की जा रही है कि इतनी बड़ी संख्या में इन भैंसों को किस उद्देश्य से और किन परिस्थितियों में डिंडौरी से जबलपुर ले जाया जा रहा था। पुलिस द्वारा मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।









