घर के अंदर निकला 5 फीट लंबा कोबरा
सर्प मित्र रंजीत ठाकुर ने निवास के अमगांव में किया सुरक्षित रेस्क्यू
- पानी के ड्रम के पास रखे चारे में छिपा था कोबरा नाग
- सर्प मित्र ने ग्रामीणों को झाड़-फूंक से दूर रहने की दी सलाह
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास मुख्यालय से लगभग 7 किलोमीटर दूर ग्राम अमगांव में उस समय अफरातफरी मच गई, जब रात करीब 8.30 बजे युवराज अहिरवार के घर के अंदर एक खतरनाक कोबरा दिखाई दिया। गनीमत यह रही कि समय रहते सांप पर नजर पड़ गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी अनुसार युवराज अहिरवार के घर में पानी के ड्रम के पास गाय का चारा रखा हुआ था। उसी के पास कुछ लड़कियां भी मौजूद थीं। इसी दौरान वहाँ अचानक लगभग 5 फीट लंबा भारतीय नाग कोबरा नजर आया, जिसे देखकर परिजनों के होश उड़ गए। घटना की सूचना तुरंत फोन के माध्यम से निवास के जाने-माने सर्प मित्र रंजीत ठाकुर को दी गई।
सफल रेस्क्यू कर दिए सावधानी के निर्देश
सूचना मिलते ही सर्प मित्र रंजीत ठाकुर तुरंत मौके पर पहुँचे और सूझबूझ दिखाते हुए कोबरा सांप का सुरक्षित व सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। इस दौरान सर्प मित्र ने ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रात के वक्त अंधेरे में बाहर न निकलें, बाहर जाते समय हाथ में टॉर्च जरूर रखें, अचानक जूते-चप्पलों में पैर न डालें और सोते समय हमेशा मच्छरदानी का उपयोग करें।
अंधविश्वास से बचने की अपील
सर्प मित्र ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए यह भी बताया कि यदि बस्ती में किसी भी व्यक्ति को कभी सर्पदंस की घटना होती है, तो झाड़-फूंक या ओझा-गुनिया के चक्कर में बिल्कुल न पड़ें। सांप के जहर से बचने का एकमात्र उपाय एंटीवेनम इंजेक्शन है, इसलिए पीडि़त व्यक्ति को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाकर उसका उचित इलाज कराएं।









