महाराजपुर के कारीकोन तिराहे पर भीषण सड़क हादसा
पेशी से लौट रहे पिता-बेटी की बाइक ट्रैक्टर से टकराई, बेटी की मौत, पिता घायल
- न्यायालय से लौटते समय हुआ हादसा
- चालक फरार, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
मंडला महावीर न्यूज 29. महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कारीकोन तिराहे के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा में एक युवती की मौत हो गई। बताया गया कि जिला न्यायालय से पेशी के बाद बाइक से घर लौट रहे पिता-पुत्री की बाईक टेक्टर से टकरा गई। हादसे में 25 वर्षीय युवती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके पिता घायल हो गए हैं। दुर्घटना के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, वहीं पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी अनुसार ग्राम खोहरी पोस्ट डिठोरी निवासी सूबे सिंह परते अपनी बेटी संगीता आर्मो 25 वर्ष के साथ बाइक से पेशी से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही वे कारीकोन तिराहे के पास पहुँचे, इसी दौरान सामने से आ रही एक स्कूटी सवार को बचाने के प्रयास में ट्रेक्टर के सामने बाईक आ गई और बाईक टै्रक्टर से टकरा गई।
बताया गया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाईक की टक्कर के बाद बाइक सवार पिता बेटी ट्रेक्टर के नीचे आ गए। और अत्यधिक चोट लगने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं हादसे में पिता सूबे सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल लाने पर डॉक्टर ने किया मृत घोषित
घटना के बाद आनन-फानन में युवती को जिला अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल की डॉक्टर मेकल चौधरी ने बताया कि संगीता को जब अस्पताल लाया गया, तब उसकी जांच की गई। उसके सिर के पिछले हिस्से और बाएं हाथ में गंभीर चोट के निशान थे। बीपी, पल्स और ईसीजी जांच के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस ने शुरू की फरार चालक की तलाश
सूचना मिलते ही महाराजपुर पुलिस तुरंत घटना स्थल पर पहुँची। पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे की जांच करने के साथ ही फरार ट्रैक्टर चालक की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।








