चिरईडोंगरी में विद्युतीकरण के नाम पर लापरवाही
बिना कांक्रीट के गड्डे में खड़े खंभे और झूलते तारों से ग्रामीण आक्रोशित
- अधूरा काम छोड़ गए ठेकेदार, अंधेरे में हादसे का शिकार हो रहे ग्रामीण
- दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत चिरईडोंगरी में हाल ही में किया गया विद्युतीकरण का कार्य ग्रामीणों के लिए सुविधा की बजाय जानलेवा मुसीबत बन गया है। ठेकेदार की घोर लापरवाही के कारण पूरा काम गुणवत्ताहीन और अधूरा पड़ा है। इसे लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आज एकजुट होकर आक्रोश प्रदर्शन किया।
हवा में झूल रहे तार, गिरने की कगार पर खंभे
ग्रामीणों ने बताया कि आरडीएसएस योजना के तहत लगभग एक महीने पहले गांव में नई लाइन बिछाने और खंभे लगाने का काम शुरू हुआ था। लेकिन काम में इतनी लापरवाही बरती गई है कि बिजली के पोल बिना कांक्रीट के केवल मिट्टी में गाड़ दिए गए हैं। इससे कई खंभे तिरछे हो गए हैं और कभी भी गिर सकते हैं। इसके अलावा केबलीकरण का काम भी अधूरा छोड़ दिया गया है। तारें बिना सही तरीके से खींचे ही डाल दी गई हैं, जिससे वे जगह-जगह झूल रही हैं और किसी भी समय बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती हैं।
अंधेरे में हादसों का शिकार हो रहे लोग
गांव वालों ने बताया कि नई लाइन डलने के बाद से स्ट्रीट लाइटें पूरी तरह से बंद पड़ी हैं। जो थोड़े-बहुत बल्ब लगाए गए थे, उन्हें भी ठेकेदार के लोग वापस निकालकर ले गए। गांव में छाए अंधेरे और झूलते तारों के कारण अब तक दो लोग करंट की चपेट में आकर घायल हो चुके हैं, वहीं एक ग्रामीण को अंधेरे के कारण सांप ने डंस लिया।
ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों का आरोप है कि इस जानलेवा समस्या को लेकर ग्राम पंचायत से लेकर बिजली विभाग के जेई और एई तक को कई बार सूचना दी गई, लेकिन किसी ने भी कोई संज्ञान नहीं लिया। पिछले एक महीने से ग्रामीण डर के साए में जीने को मजबूर हैं। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन को खुली चेतावनी दी है कि यदि आगामी एक सप्ताह के भीतर इस अधूरे और खतरनाक काम को दुरुस्त कर सुरक्षित नहीं किया गया, तो गांव के युवा और सभी लोग मिलकर एक बड़ा और उग्र आंदोलन करेंगे।










