ईको फ्रेंडली गणेश उत्सव की तैयारी, घर पर ही विसर्जन की अपील

Advertisements

ईको फ्रेंडली गणेश उत्सव की तैयारी, घर पर ही विसर्जन की अपील

  • माड़ोगढ़ सेक्टर में विद्यार्थियों को दिया माटी गणेश बनाने का प्रशिक्षण
  • जल संरक्षण की पहल, पीओपी की मूर्तियों का ना करें उपयोग

मंडला महावीर न्यूज 29. आगामी गणेश चतुर्थी पर्व को पर्यावरण के अनुकूल मनाने और जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने के उद्देश्य से मप्र जन अभियान परिषद, मंडला एवं नर्मदा समग्र के संयुक्त तत्वावधान में माड़ोगढ़ सेक्टर में माटी गणेश, सिद्ध गणेश निर्माण का सेक्टर स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। यह आयोजन जिला समन्वयक सुशील बर्मन के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में एकीकृत माध्यमिक विद्यालय रतनपुर चौकी और एकलव्य विद्यालय चौकी में संपन्न हुआ।बताया गया कि उमेश यादव के विशेष सहयोग से आयोजित इस प्रशिक्षण सत्र में प्रशिक्षक राकेश अग्रवाल ने विद्यार्थियों को मिट्टी के गणेश जी बनाने की व्यावहारिक जानकारी दी। उन्होंने स्वयं मूर्ति बनाकर निर्माण के विभिन्न चरण समझाए और विद्यार्थियों से भी इसका अभ्यास कराया। इस दौरान स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं, परामर्शदाता वीरेंद्र अग्रवाल, सुमित हथाले, सुरेश सोनी, सीएम जनसेवा मित्र देवलता उइके और ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

पीओपी से बचें, घर में ही करें विसर्जन 

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य समाज को पर्यावरण स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था। वक्ताओं ने बताया कि प्लास्टर ऑफ पेरिस और रासायनिक रंगों से बनी मूर्तियों के विसर्जन से नदियां और तालाब गंभीर रूप से प्रदूषित होते हैं। इसके समाधान के रूप में लोगों से अपील की गई कि वे घर में ही मिट्टी के गणेश स्थापित करें और विसर्जन किसी बड़े बर्तन या टब में करें। विसर्जन के बाद बची हुई मिट्टी का उपयोग गमलों या पौधों में आसानी से किया जा सकता है।

विद्यार्थी बने पर्यावरण संरक्षण के दूत 

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विद्यार्थियों को यह जिम्मेदारी सौंपी गई कि वे मूर्ति बनाने की इस कला को अपने-अपने गांवों में जाकर अन्य लोगों को भी सिखाएं। इससे अधिक से अधिक लोग इस ईको-फ्रेंडली पहल से जुड़ सकेंगे और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होकर अपने घर में ही प्रतिमा विसर्जित करने के लिए प्रेरित होंगे।


Leave a Comment

You May Like This