संस्कृति, आस्था और भाईचारे का प्रतीक पोला पर्व

Advertisements

संस्कृति, आस्था और भाईचारे का प्रतीक पोला पिठौरा पर्व

बजरंग व्यायाम शाला से निकला ऐतिहासिक गेंड़ी जुलूस

  • नर्मदा तट पर हुआ पारम्परिक विसर्जन
  • मिट्टी के अश्वों की पूजा कर ढोल-नगाड़ों के साथ गेंड़ी पर निकले बच्चे

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में लोक संस्कृति, आस्था और पुरानी विरासत का प्रतीक पोला पिठौरा पर्व हर वर्ष की तरह इस बार भी पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। पर्व के अवसर पर लोगों ने पारम्परिक रूप से लकड़ी और मिट्टी के अश्वों की पूजा-अर्चना की और घरों में बेसन के स्वादिष्ट पकवान बनाए गए। इस त्योहार को लेकर विशेषकर बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

ढोल-नगाड़ों के साथ निकला गेंड़ी जुलूस 

पोला पर्व का मुख्य आकर्षण श्री बजरंग व्यायाम शाला पुराना अखाड़ा, बस स्टैंड रोड से निकलने वाला ऐतिहासिक गेंड़ी जुलूस रहा। दोपहर बाद बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ यह शोभायात्रा शुरू हुई। बड़ी संख्या में छोटे-बड़े बच्चे और युवा गेंड़ी पर चढ़कर इस जुलूस में शामिल हुए। बच्चे गेंड़ी पर चलते हुए गीत गा रहे थे, जिसे देखने के लिए शहरवासियों की भारी भीड़ उमड़ी। शहर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण करता हुआ यह जुलूस रंगरेज घाट नर्मदा तट पर जाकर संपन्न हुआ।

नर्मदा तट पर हुआ पूजन 

नर्मदा तट पर पहुँचकर गेंड़ी पर चलने वाले बच्चों ने नर्मदा जल से अपनी गेंड़ी को धोया और अश्वों के लिए घरों से लाए गए विशेष पकवानों का सेवन किया। गेंड़ी के दूसरे दिन को स्थानीय परंपरा में वडग़ा कहा जाता है। इस दिन खाप गेंड़ी में पैर रखने वाले बांस का विधिवत विसर्जन किया जाता है। लोग अपने-अपने घरों से गुजिया, सेव, खुरमी और अन्य पकवान लेकर माँ नर्मदा के तट पर पहुँचते हैं और विसर्जन के बाद सभी लोग आपस में मिल-जुलकर प्रसाद ग्रहण करते हैं। यह सहभोज आपसी भाईचारे की मिसाल पेश करता है।

हरियाली अमावस्या से शुरू होता है गेंड़ी का सफर 

ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में बच्चों का गेंड़ी पर चलने का सिलसिला सावन माह की हरियाली अमावस्या से ही शुरू हो जाता है, जो पोला पर्व पर आकर संपन्न होता है। ग्रामीण अंचलों में यह बच्चों के लिए मनोरंजन और खेल-कूद का एक प्रमुख साधन है।

पर्व की है प्राचीन मान्यता 

प्राचीन मान्यताओं के अनुसार वर्षा ऋतु की समाप्ति की ओर होने पर व्यापारी अपने काम-धंधे के लिए घोड़ों पर यात्रा पर निकलने से पूर्व उनकी पूजा-अर्चना करते थे। मिट्टी के अश्वों की पूजा इसी परंपरा का हिस्सा है। महाराष्ट्र और सीमावर्ती क्षेत्रों में एक प्रसिद्ध कहावत है पोला आला पानी झाला, जिसका अर्थ है कि पोला पर्व वर्षाकाल की समाप्ति का संकेत है। बताया गया कि पीढिय़ों से चली आ रही यह परंपरा आज भी मंडला में उसी उमंग, श्रद्धा और भाईचारे के साथ निभाई जा रही है।


Leave a Comment

You May Like This