मंडला पुलिस की बड़ी कार्रवाई
4720 किलो महुआ लाहन नष्ट, अवैध शराब के अड्डों पर मारा छापा
- अवैध शराब के खिलाफ सघन अभियान
- बरबसपुर और रामबाग कछार टोला में पुलिस की दबिश
- 75 हजार का माल नष्ट
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में अवैध कच्ची और जहरीली शराब के निर्माण व बिक्री पर पूर्ण रूप से रोक लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 10 सितंबर 2026 को थाना कोतवाली और महाराजपुर पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 4,720 किलोग्राम महुआ लाहन नष्ट किया और 15 लीटर कच्ची शराब जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
कोतवाली पुलिस की बरबसपुर में रेड
मुखबिर की सूचना के आधार पर थाना कोतवाली पुलिस ने ग्राम बरबसपुर क्षेत्र में तालाब और नदी के बीच झाड़ियों में संचालित अवैध शराब ठिकाने पर दबिश दी। मौके पर जांच के दौरान 300 से 400 डिब्बों में भरा लगभग 4,000 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद हुआ। पुलिस टीम ने पंचनामा तैयार कर मौके पर ही इस लाहन को नियमानुसार नष्ट कर दिया।
महाराजपुर पुलिस ने रामबाग कछार टोला में नष्ट किए 2 अड्डे
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा और एसडीओपी पीयूष मिश्रा के मार्गदर्शन में महाराजपुर पुलिस ने ग्राम रामबाग कछार टोला में नर्मदा नदी के किनारे चल रहे 2 अवैध शराब निर्माण अड्डों पर छापा मारा। यहाँ 72 प्लास्टिक डिब्बों में भरा 720 किलोग्राम महुआ लाहन, शराब बनाने वाले बर्तन, चूल्हे और अन्य सामग्री मौके पर ही नष्ट कर दी गई। इसके साथ ही आरोपी के पास से 15 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई। जब्त शराब और नष्ट किए गए महुआ लाहन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 75 हजार रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
इस प्रभावी कार्रवाई में एसडीओपी मंडला पीयूष मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली शफीक खान, थाना प्रभारी महाराजपुर निरीक्षक डॉ. जयसिंह यादव, उपनिरीक्षक नागेन्द्र पटेल, राघवेंद्र ठाकुर, रूपराम झारिया, सउनि नीरज मिश्रा, रमेश चंद्रपाल, प्र.आर. अमित गरयार, विजय तेकाम, शिवचरण बाकड़े, माखन बरकडे, आरक्षक सुंदर भलाबी, हरीदास बिंझिया सहित अन्य पुलिस स्टाफ की अहम भूमिका रही।











