आदिवासी महिला के समर्थन में उतरी गोंडवाना गणतंत्र पार्टी

आदिवासी महिला के समर्थन में उतरी गोंडवाना गणतंत्र पार्टी

  • घुघरी में जमीन विवाद, एक सप्ताह में न्याय न मिलने पर दी धरने की चेतावनी
  • बेदखली नोटिस और तहसील के सरकारी कामकाज में निजी व्यक्ति के दखल पर उठाए गंभीर सवाल

मंडला महावीर न्यूज 29. तहसील घुघरी निवासी आदिवासी महिला मुन्नी बाई धुर्वे के समर्थन में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। महिला द्वारा भूमि विवाद, सीमांकन, बेदखली नोटिस और कच्चे मकान में तोडफ़ोड़ व धमकी की शिकायत के बाद जीजीपी कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक अध्यक्ष के नेतृत्व में तहसीलदार के माध्यम से कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई नहीं हुई, तो उग्र धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

पंच पर गंभीर आरोप और सीमांकन की मांग 

मुन्नी बाई का आरोप है कि खसरा नंबर 129 और 130 का स्पष्ट सीमांकन किए बिना उन्हें बेदखली का नोटिस दिया जा रहा है। उन्होंने वार्ड क्रमांक 8 के पंच मनोहर नंदा पर उनके कच्चे मकान को नुकसान पहुंचाने और धमकाने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से स्थल जांच और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

शासकीय आवास और तहसील के कामकाज पर उठे सवाल 

जीजीपी कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन में कृषि विभाग के समीप स्थित शासकीय आवास का भू-अधिकार पत्र पंच की पत्नी संतोषी नंदा के नाम खसरा नंबर 33बी, प्लॉट 28पी जारी होने पर भी सवाल उठाए हैं और इसके दस्तावेजों की जांच की मांग की है। इसके साथ ही तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब तहसील में कम्प्यूटर ऑपरेटर का पद स्वीकृत है, तो निजी व्यक्ति पंच मनोहर नंदा से सरकारी काम क्यों कराया जा रहा है? गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का कहना है कि कलेक्टर के आदेश के बाद नंदा को निर्वाचन कार्य से हटाया गया था, इसके बावजूद उनसे तहसील में डाटा एंट्री का काम लिया जा रहा है। संगठन ने डिजिटल रिकॉर्ड, शासकीय भूमि और विद्यालय से जुड़े सभी मामलों की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।


 

Leave a Comment