बम्हनी बंजर: आमाही तालाब में डूबने से नगर परिषद के सफाईकर्मी की मौत
इलाके में पसरा मातम
- पैर फिसलने से हादसे की आशंका
- सुबह घर से निकले 48 वर्षीय फूल सिंह धुर्वे का तालाब में मिला शव
- पुलिस जांच में जुटी
मंडला महावीर न्यूज 29. बम्हनी बंजर नगर परिषद के वार्ड क्रमांक-6 स्थित आमाही तालाब में सोमवार सुबह डूबने से 48 वर्षीय सफाईकर्मी फूल सिंह धुर्वे की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, फूल सिंह पिछले कई वर्षों से नगर परिषद में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत थे। उनकी दिनचर्या के मुताबिक वे रोजाना सुबह करीब 4 बजे घर से निकलते थे और 5 बजे लौटकर अपनी ड्यूटी पर जाते थे। सोमवार सुबह भी वे अपने तय समय पर घर से निकले थे। जब वे काफी देर तक घर नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई। इसी बीच आमाही तालाब में उनका शव मिलने की सूचना आई। परिजनों ने आशंका जताई है कि घर लौटते समय संभवतः तालाब के किनारे उनका पैर फिसल गया और गहरे पानी में चले जाने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए बम्हनी पुलिस मौके पर पहुंची। शव को तालाब से बाहर निकालकर पंचनामा बनाया गया और पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। इस अचानक हुए हादसे से मृतक के परिवार में गहरा शोक है।
बम्हनी थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच कर रही है।








