तालाब में मिला 21 वर्षीय लापता युवक का शव

अंजनियां के तालाब में मिला 21 वर्षीय लापता युवक का शव

इलाके में सनसनी

  • दो दिन से गायब था सिझोरा निवासी चंद्रजीत
  • दोस्तों के साथ विवाद की बात आई सामने
  • जांच में जुटी पुलिस

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के अंजनियां में शनिवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक तालाब में 21 वर्षीय युवक का शव उतराता हुआ मिला। ग्रामीणों की सूचना पर अंजनियां पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान सिझोरा निवासी चंद्रजीत उर्फ गोलू मरावी के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से लापता था।

दोस्तों के साथ आया था अंजनियां, फिर नहीं लौटा घर

जानकारी अनुसार चंद्रजीत अपने दोस्तों के साथ अंजनियां आया था। जब वह घर नहीं लौटा, तो गुरुवार को उसकी बहन उसे तलाशते हुए अंजनियां पहुंची, जहां वह नशे की हालत में मिला था। बहन ने परिवार को इसकी जानकारी दी और वापस लौट गई, लेकिन चंद्रजीत फिर भी घर नहीं पहुंचा। इस बीच गुरुवार देर रात कुछ युवकों के साथ चंद्रजीत के विवाद की बात भी सामने आई है।

ड्रोन से की गई थी तलाश, भागने की बात भी आई सामने

परिजनों ने 3 सितंबर को दोपहर करीब 3 बजे अंजनियां पुलिस चौकी में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई थी। अशोक महदेलें सहित अन्य लोगों ने चौकी पहुंचकर पुलिस को युवक के विवाद के बारे में भी जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस ने रात भर खोजबीन की और आसपास के इलाकों में ड्रोन की मदद से भी तलाश अभियान चलाया। शनिवार को परिजन और पुलिस एक ऑटो से मंडला की ओर उसे तलाशने निकले थे। बताया जा रहा है कि इस दौरान युवक अशोक मेहंदकल के ऑटो से उतरकर भागने की बात भी सामने आई, और इसके कुछ ही देर बाद दोपहर में तालाब से चंद्रजीत का शव बरामद हो गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, लोकेशन और CCTV खंगाल रही पुलिस

शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार रात करीब 7 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद वे शव लेकर सिझोरा रवाना हो गए। परिजनों ने युवक के साथ अनहोनी की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी। मामले की तह तक जाने के लिए सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन की भी बारीकी से जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️


Leave a Comment