विद्यार्थियों ने किया गुरुजनों का सम्मान, उपहार भेंट कर जताया आभार

विद्यार्थियों ने किया गुरुजनों का सम्मान

ग्रीटिंग कार्ड और पेन भेंट कर जताया आभार

  • एकीकृत माध्यमिक विद्यालय रतनपुर चौकी में मनाया शिक्षक दिवस
  • हेडमास्टर उमेश ने बच्चों को बताया शिक्षक दिवस का महत्व

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज के एकीकृत माध्यमिक विद्यालय रतनपुर चौकी में शिक्षक दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्या की देवी मां सरस्वती और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद स्कूली बच्चों ने सभी शिक्षकों का तिलक वंदन कर स्वागत किया। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों को स्नेहपूर्वक ग्रीटिंग कार्ड और पेन भेंट कर उनका आत्मीय सम्मान किया।इस अवसर पर बच्चों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें सुमधुर गीत, भाषण और कविता, शायरी प्रमुख रहे। बच्चों की इन मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का दिल जीत लिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के हेडमास्टर उमेश कुमार यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के प्रेरक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए बच्चों को विस्तार से बताया कि शिक्षक दिवस क्यों मनाया जाता है और विद्यार्थी के जीवन में गुरु का क्या महत्व होता है।


Leave a Comment