श्री गुरुद्वारा साहिब में धूमधाम से मनाई कृष्ण जन्माष्टमी
बच्चों की मनमोहक रासलीला ने मोहा मन
- रामधुन, भजन और मटकी फोड़ के साथ मनाया भगवान का जन्मोत्सव
- सिंधी समाज के आयोजन में उमड़े श्रद्धालु
मंडला महावीर न्यूज 29. स्थानीय अंबेडकर वार्ड स्थित श्री गुरुद्वारा साहिब में श्री झूलेलाल धाम सेवा समिति और पूज्य सिंधी पंचायत के तत्वावधान में कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व अपार हर्षोल्लास और उल्लास के साथ मनाया गया। पूरे दिन धार्मिक कार्यक्रमों और श्रीकृष्ण भक्ति का माहौल बना रहा, जिसमें समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
रामधुनी से हुई शुरुआत, भजनों से सजी शाम
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 11 बजे विशेष पूजन, अर्चन और रामधुनी के साथ हुआ। इसके बाद दोपहर 3 बजे समाज की महिलाओं ने संगीतमय रामधुन प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिमय कर दिया। रात्रि में सामाजिक कलाकारों द्वारा श्रीकृष्ण भजनों से सजी संगीत संध्या की शानदार प्रस्तुति दी गई, जिस पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।
राधा-कृष्ण बने बच्चों ने दी रासलीला की प्रस्तुति
रात्रि ठीक 12 बजे भगवान के जन्म के समय सामाजिक बच्चे बाल स्वरूप कृष्ण और राधा की वेशभूषा में कार्यक्रम में शामिल हुए। बच्चों द्वारा दी गई रासलीला की मनमोहक प्रस्तुतियों ने वहां मौजूद सभी श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इसके पश्चात पारंपरिक मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक आतिशबाजी कर अपनी खुशी जाहिर की। आयोजन के समापन पर भगवान की भव्य आरती की गई और उपस्थित जनों को प्रसादी का वितरण किया गया। समाजजनों ने पूरी श्रद्धा और पारंपरिक उल्लास के साथ इस पर्व को मनाया।









