हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की के जयकारों से गूंजा बीजाडांडी
- राधा-कृष्ण मंदिर में हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम, निकली भव्य झांकी
- बीजाडांडी में धूमधाम से मनाई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
मंडला महावीर न्यूज 29. भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मंडला जिले में अपार श्रद्धा, उल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। जिले के बीजाडांडी ब्लॉक मुख्यालय स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में इस अवसर पर विशेष रौनक देखने को मिली, जहां दिन भर विविध धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन हुए।
जन्माष्टमी के पावन पर्व पर मंदिर प्रांगण में आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इन कार्यक्रमों के बाद भगवान श्रीकृष्ण की एक भव्य झांकी निकाली गई।
हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की के गगनभेदी जयकारों के साथ यह शोभायात्रा राधा-कृष्ण मंदिर से शुरू हुई। नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से भ्रमण करते हुए और धर्म-लाभ बांटते हुए यह झांकी पुन: राधा-कृष्ण मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। इस धार्मिक आयोजन और शोभायात्रा में बड़ी संख्या में भक्तजन और ग्रामीण मौजूद रहे, जिससे पूरे नगर का वातावरण पूरी तरह से कृष्णमय हो गया।









