बंदियों को पात्रतानुसार सजा में मिलेगी एक माह की छूट-मुख्यमंत्री डॉ. यादव
महिला बंदियों के लिये भी किया जायेगा खुली जेल का प्रबंध
- केन्द्रीय जेल में खुलेगा मानसिक स्वास्थ्य केन्द्र
- साहसिक कार्य करने वाले जेल कर्मी हुए पुरस्कृत
- भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर हुई प्रभावशाली नाटिका की प्रस्तुति
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी पर्व पर बंदियों को सौगात देते हुए पात्रतानुसार सजा में एक माह की छूट देने की घोषणा की। उन्होंने महिला बंदियों के लिये भी खुली जेल के लिये भी आवश्यक प्रावधान करने की बात कही। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केन्द्रीय जेल में मानसिक स्वास्थ्य केन्द्र भी शीघ्र प्रारंभ किया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव केन्द्रीय जेल भोपाल में आयोजित जन्माष्टमी महोत्सव में बंदियों को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गौमाताओं को गुड़-रोटी खिलाई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भगवान श्री कृष्ण का रूप धारण किए बालकों को स्नेह किया। जन्माष्टमी महोत्सव में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित नाटिका प्रस्तुत की गयी। जेल महानिदेशक श्री वरुण कपूर ने जेल विभाग की गतिविधियों से अवगत कराया। कार्यक्रम में खेल युवक कल्याण और सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, प्रमुख सचिव जेल मुकेश चंद्र गुप्ता उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जेल विभाग में विभिन्न पदों पर की गई पदोन्नतियों सहित बंदियों के लिए जिलों में आवश्यक सुविधाएँ बढ़ाने, नए बैरकों के निर्माण, नए जेल कानून को लागू करने, बंदियों को विभिन्न शिल्पो का प्रशिक्षण देने, आयुष्मान कार्ड प्रदान करने, ध्यान और योग गतिविधियों के संचालन के क्षेत्र में किए गए प्रबंधों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा नए पदों के निर्माण और पदोन्नतियों से जेल विभाग के कार्य एड 8 के सुचारू रूप से संचालित होंगे।
महिला बंदियों के लिए भी खुली जेल का प्रबंध करने का निर्णय
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में खुली जेलों की संख्या बढ़ाई जाएगी। खुली जेल के आधार पर ही भविष्य की दृष्टि से अब तो अपनी महिला बंदियों के लिए भी खुली जेल का प्रबंध करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पुरूषों के लिए खुली जेल का प्रावधान है। महिलाओं के लिए भी जल्द से जल्द खुली जेल की व्यवस्था करने का प्रयास करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जेल विभाग के 6 अधिकारियों-कर्मचारियों को विभिन्न साहसिक कार्यों के लिए पुरस्कृत और सम्मानित भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जेल के बंदियों द्वारा प्रदर्शित भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित लघु नाटिका की सराहना की।
केंद्रीय जेल में खुलेगा मानसिक स्वास्थ्य केंद्र
जेल महानिदेशक श्री कपूर ने बताया कि भोपाल जेल में बंदियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य केंद्र शीघ्र प्रारंभ किया जा रहा है। प्रदेश की जेलों में योग, पार्थिव शिवलिंग निर्माण और अन्य रचनात्मक कार्यों से कीर्तिमान स्थापित किए गए हैं। नए स्टॉफ क्वार्टर्स का निर्माण किया जा रहा है।
मध्यप्रदेश में औद्योगिक विकास ने पकड़ी रफ्तार
सीएम मोहन यादव ने किया ₹888 करोड़ की नई इंडस्ट्री का लोकार्पण
- प्रदेश में उद्योग स्थापित करने की प्रतिस्पर्धा का बना माहौल
- मुख्यमंत्री बोले- एशिया की सबसे बड़ी साबुन फैक्ट्री भी एमपी में हुई शुरू
भोपाल: मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश और विकास को लगातार बढ़ावा मिल रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य में ₹888 करोड़ की लागत से स्थापित एक नई इंडस्ट्री का भव्य लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 8 महीनों में राज्य में कई बड़े उद्योगों की शुरुआत हुई है, जो मध्यप्रदेश के बढ़ते औद्योगिक विकास और निवेशकों के बढ़ते विश्वास का सीधा प्रमाण है।
एशिया की सबसे बड़ी साबुन इंडस्ट्री की हुई शुरुआत
मुख्यमंत्री ने बताया कि महज दो दिन पहले ही ₹106 करोड़ की लागत से केबल बनाने वाली ‘बडोरा इंडस्ट्रीज’ का भी लोकार्पण किया गया था। इसी औद्योगिक विस्तार के क्रम में मध्यप्रदेश में एशिया की सबसे बड़ी साबुन इंडस्ट्री ने भी अपना काम शुरू कर दिया है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आज प्रदेश में उद्योग स्थापित करने को लेकर एक सकारात्मक प्रतिस्पर्धा का वातावरण बन गया है।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मजबूत हो रही देश की अर्थव्यवस्था
देश की आर्थिक प्रगति का जिक्र करते हुए सीएम डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत की जीडीपी (GDP) ग्रोथ 7.8 प्रतिशत रही है, जो वर्तमान में दुनिया की सभी प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे अधिक है।
जन्माष्टमी पर सीएम मोहन यादव का बड़ा ऐलान
जेल बंदियों को मिलेगा एक माह का विशेष परिहार (छूट)
- जेल सुधारों पर मध्य प्रदेश सरकार का जोर
- मुख्यमंत्री बोले- बंदियों के पुनर्वास और विधिक सहायता पर हो रहा काम
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जन्माष्टमी के पावन अवसर पर प्रदेश की जेलों में बंद कैदियों के लिए एक माह के विशेष परिहार की घोषणा की है। इस फैसले से कैदियों को उनकी सजा में एक महीने की अतिरिक्त छूट मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने जेल विभाग में चल रहे विभिन्न सुधार कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि सरकार द्वारा जेलों में बंदियों के लिए सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। सरकार का मुख्य फोकस बंदियों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ मुख्यधारा से जोड़ने के लिए उनके पुनर्वास की योजनाओं पर है। इसके अतिरिक्त, कैदियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए विभिन्न जेलों में क्षमता बढ़ाने और विस्तार का कार्य भी निरंतर जारी है।
सीहोर: सीएम मोहन यादव ने सीजी पावर की नई ट्रांसफॉर्मर विनिर्माण इकाई का किया शुभारंभ
- औद्योगिक विकास को मिली नई रफ्तार
- मुख्यमंत्री ने प्रथम पावर ट्रांसफॉर्मर के रोल-आउट कार्यक्रम का किया उद्घाटन
सीहोर: प्रदेश के औद्योगिक विकास को गति देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीहोर में सीजी (क्रॉम्पटन एंड ग्रीव्स) पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड की नई पावर ट्रांसफॉर्मर विनिर्माण इकाई का भव्य शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने विधिवत रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर इस नई इकाई से प्रथम ट्रांसफॉर्मर के ‘रोल-आउट’ कार्यक्रम की शुरुआत की। इस नई उत्पादन इकाई के शुरू होने से न केवल मध्य प्रदेश के पावर और ऊर्जा सेक्टर को मजबूती मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर औद्योगिक निवेश और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।










