दलदल में तब्दील हुई धनौली-घोरेघाट सड़क

दलदल में तब्दील हुई धनौली-घोरेघाट सड़क

कीचड़ से होकर स्कूल जाने को मजबूर नौनिहाल, आंगनवाड़ी पहुंचना भी हुआ मुहाल

  • सड़क की बदहाली पर प्रशासन मौन
  • खस्ताहाल रास्ते से परेशान ग्रामीणों ने की तत्काल मरम्मत की मांग

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के घुघरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत घोरेघाट के ग्राम धनौली को जोडऩे वाली मुख्य सड़क इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। घुघरी-सलवाह मुख्य मार्ग के सड़क टोला से धनौली होते हुए घोरेघाट तक जाने वाले इस मार्ग पर बारिश के कारण जगह-जगह भारी कीचड़ जमा हो गया है। इस दलदल में तब्दील हो चुकी सड़क के कारण ग्रामीणों का पैदल चलना तक दुश्वार हो गया है।

कीचड़ से सने कपड़ों में स्कूल पहुंच रहे बच्चे 

इस खस्ताहाल सड़क का सबसे बड़ा खामियाजा मासूम स्कूली बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। नौनिहालों को रोजाना इसी कीचड़ भरे रास्ते से होकर स्कूल जाने को मजबूर होना पड़ता है। हालात यह हैं कि स्कूल पहुंचते-पहुंचते बच्चों के पैर और कपड़े पूरी तरह कीचड़ से सन जाते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि रास्ते की इस दुर्दशा के कारण छोटे बच्चों को आंगनवाड़ी केंद्र तक लाना भी मुश्किल हो गया है। बारिश के दिनों में यह मार्ग इतना खतरनाक हो जाता है कि कई बार बच्चे आंगनवाड़ी पहुंच ही नहीं पाते।

प्रशासन की अनदेखी, ग्रामीणों में भारी आक्रोश 

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि लंबे समय से सड़क की यह स्थिति बनी हुई है, लेकिन ग्राम पंचायत से लेकर शासन-प्रशासन तक किसी ने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया है। लगातार हो रही इस अनदेखी के कारण स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि बिना किसी देरी के इस सड़क का सुधार और मरम्मत कार्य कराया जाए, जिससे स्कूली बच्चों और आम नागरिकों को इस नारकीय आवागमन से स्थायी राहत मिल सके।

Leave a Comment