स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर, तीन युवक गंभीर

ओवरटेक के चक्कर में स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर, तीन युवक गंभीर

फूलसागर-पड़रिया के बीच दर्दनाक हादसा

  • ट्रक में फंसकर घिसटी बाइक
  • खेत में पलटी स्कॉर्पियो
  • सड़क पर तड़पते रहे घायल

मंडला महावीर न्यूज 29. नेशनल हाईवे-30 पर मंडला कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम फूलसागर और पड़रिया के बीच एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

जानकारी अनुसार तीनों युवक अपनी बाइक से बबैहा के पर्यटन स्थल गरम पानी कुंड घूमने जा रहे थे। इसी दौरान जबलपुर की ओर से आ रही एक स्कॉर्पियो ने आगे चल रहे कंटेनर को ओवरटेक करने का प्रयास किया और सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक टक्कर के बाद पास से गुजर रहे एक ट्रक में जा फंसे और कुछ दूरी तक सड़क पर घिसटते चले गए। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो पूरी तरह अनियंत्रित हो गई। वह पहले एक बस स्टॉप से टकराई और फिर हाईवे किनारे खेत में कई बार पलटी खाते हुए नीचे जा गिरी।

सड़क पर तड़पते रहे घायल 

हादसे के बाद एक बेहद अमानवीय तस्वीर भी देखने को मिली। तीनों घायल युवक काफी देर तक सड़क पर तड़पते रहे, लेकिन न तो कोई राहगीर मदद के लिए आगे आया और न ही समय पर एंबुलेंस वहां पहुंच सकी। इस हादसे में घायल हुए युवकों की पहचान घुघरी ब्लॉक के ग्राम सेंधवारा निवासी के रूप में हुई है। हादसे में अंकुश सैयाम, प्रभात सरोते और राहुल कुलस्ते घायल हुए है। घायलों में से एक युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस कर रही जांच 

घटना की सूचना डायल 112 और कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए मंडला के जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने जब क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो की तलाशी ली, तो उसमें कोई नहीं मिला। पुलिस ने घायलों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है और सड़क हादसे की जांच शुरू कर मामला दर्ज कर लिया है।


Leave a Comment