तेज रफ्तार ट्रक पलटा, बाल-बाल बचे बच्चे और महिलाएं

बीजाडांडी में टला बड़ा हादसा

बाइक सवारों को बचाने के चक्कर में सिलाई सेंटर के दरवाजे पर पलटा बेकाबू ट्रक

  • बाल-बाल बचे बच्चे और महिलाएं
  • जबलपुर-रायपुर हाईवे पर हादसा
  • तेज रफ्तार ट्रक पलटने से मची दहशत
  • सिलाई सीख रहीं 10 महिलाओं की बची जान

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के बीजाडांडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जबलपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर एक दर्दनाक हादसा होते-होते टल गया। यहाँ बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित हो गया और एक महिला सिलाई सेंटर के ठीक दरवाजे पर जाकर पलट गया।

बाल-बाल बचीं महिलाएं और बच्चे

गनीमत यह रही कि भारी-भरकम ट्रक सिलाई सेंटर के दरवाजे पर ही पलट कर रुक गया, अन्यथा एक बड़ी जनहानि हो सकती थी। जानकारी के अनुसार, जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय सेंटर के अंदर करीब 10 महिलाएं सिलाई सीख रही थीं और उनके कुछ छोटे बच्चे सेंटर के ठीक बाहर खेल रहे थे।

दहशत में भाग निकलीं महिलाएं

ट्रक पलटने की तेज आवाज और अचानक हुए इस हादसे से सिलाई सेंटर में मौजूद महिलाएं बुरी तरह दहशत में आ गईं। अनहोनी की आशंका के चलते खौफजदा महिलाएं अपने-अपने बच्चों को गोद में लेकर तुरंत वहां से सुरक्षित स्थानों की ओर चली गईं।

ड्राइवर को आई मामूली चोटें

इस सड़क दुर्घटना में ट्रक के ड्राइवर को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को इलाज के लिए बीजाडांडी के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और क्षतिग्रस्त ट्रक को हाइवे से हटाने की प्रक्रिया जारी है।


Leave a Comment