भुआ बिछिया: ध्वजारोहण के पाइप से लटकता मिला 25 वर्षीय युवक का शव
हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
- संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत
- कान में लगा था इयरफोन और फंदे पर झूलता मिला निशांत का शव
- मोबाइल खोलेगा राज ?
मंडला महावीर न्यूज 29. भुआ बिछिया नगर में मंगलवार तड़के एक 25 वर्षीय युवक का शव फांसी के फंदे पर लटकता पाए जाने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारा। मौत के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस हत्या, आत्महत्या या आत्महत्या के लिए प्रेरित किए जाने के सभी पहलुओं पर सघनता से जांच कर रही है।
घटनास्थल का दृश्य और पुलिस की कार्रवाई
जानकारी अनुसार आज सुबह लगभग 5:00 बजे स्थानीय लोगों ने थाना और नगर परिषद के सामने, विनोद रंगमंच के बाजू में लगे ध्वजारोहण के पाइप में एक युवक का शव लटकता हुआ देखा। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी। पुलिस की मौजूदगी में शव को फंदे से उतारा गया। मृतक की पहचान वार्ड नंबर 2, मुक्ति मार्ग निवासी निशांत (निशु) नामदेव (25 वर्ष), पिता पप्पू नामदेव के रूप में हुई है। जांच के दौरान मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है और उसके कान में इयरफोन लगा हुआ मिला है।
तीर्थ यात्रा पर गए हैं माता-पिता, तनाव में था युवक
घटना के वक्त मृतक के माता-पिता घर पर मौजूद नहीं थे। मृतक के पिता पप्पू नामदेव और माता शारदा नामदेव ‘मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा’ के तहत मां कामाख्या देवी के दर्शन हेतु गए हुए हैं।
मृतक के भाई सोनू नामदेव ने पुलिस को बताया कि निशांत बीती रात करीब 9:30 बजे अपनी दुकान बंद करके घर लौटा था। वह काफी तनाव में दिख रहा था, लेकिन उसने परिवार में किसी को भी अपनी परेशानी की जानकारी नहीं दी। रात में उसने खाना भी नहीं खाया था। सुबह जब स्थानीय लोगों ने सूचना दी, तब जाकर परिवार को इस दुखद घटना का पता चला।
पोस्टमार्टम में देरी, मोबाइल खोलेगा मौत का राज
थाना प्रभारी रंजीत सैयाम ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा बना लिया है। हालांकि, मृतक के माता-पिता के शहर से बाहर होने के कारण आज पोस्टमार्टम की कार्रवाई नहीं हो सकी है। माता-पिता के लौटने के बाद ही पोस्टमार्टम किया जाएगा।
पुलिस ने जांच के दृष्टिकोण से मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है, जिससे घटना के कारणों की अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है। वहीं, मृतक की जेब से मिले पैसे और चाबी परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और वजह है।










