सड़क पर खड़े गिट्टी से भरे डंपर से टकराई बाइक
पिता-पुत्री गंभीर रूप से घायल, जबलपुर रेफर
- बिना संकेतक के खड़े बिगड़े वाहन और गड्ढे बन रहे हादसों का कारण
- खैराजी में देर शाम हुआ हादसा
मंडला महावीर न्यूज 29. सड़कों पर बिना किसी संकेतक (इंडिकेटर) के खड़े खराब वाहन और गड्ढे अब राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा सिवनी जिले के केवलारी थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत खैराजी में सामने आया, जहाँ सड़क किनारे खड़े गिट्टी से भरे एक बिगड़े डंपर से तेज रफ्तार मोटरसाइकिल टकरा गई। हादसे में दोपहिया वाहन पर सवार पिता और उनकी मासूम पुत्री गंभीर रूप से चोटिल हो गए।
नैनपुर के शांति नगर का रहने वाला है पीड़ित परिवार
जानकारी अनुसार नैनपुर के वार्ड नंबर 10 शांति नगर निवासी गौरी साहू (45 वर्ष), उनकी पत्नी संतोषी साहू (32 वर्ष) और 17 वर्षीय पुत्री रेखा साहू देर शाम बाइक से जा रहे थे। अंधेरा होने और सड़क पर कोई संकेतक न लगे होने के कारण बाइक सवार खड़े डंपर को देख नहीं पाए और अनियंत्रित होकर उससे टकरा गए। भिड़ंत इतनी तेज थी कि हेलमेट पहनने के बावजूद पिता और पुत्री को गंभीर चोटें आई हैं।

प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर
घटना के तुरंत बाद स्थानीय मददगारों की सहायता से घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल नैनपुर लाया गया। जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक स्वास्थ्य उपचार के बाद पिता गौरी साहू और पुत्री रेखा साहू की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर कर दिया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि मुख्य रास्तों पर बिना किसी रेडियम या संकेतक के खड़े कर दिए जाने वाले खराब वाहन और गड्ढे लगातार हादसों को न्योता दे रहे हैं, जिन पर प्रशासन को सख्त कार्रवाई करने की जरूरत है।









