मंडला में बच्चा चोरी की अफवाह से दहशत
मधुपुरी में पकड़े गए युवक निकले निर्दोष
- पुलिस ने दी चेतावनी, अफवाहों पर न दें ध्यान
- मधुपुरी की घटना पर पुलिस का खुलासा
- कानून हाथ में लेने वालों पर होगी कार्रवाई
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों सोशल मीडिया के माध्यम से बच्चा चोरी की झूठी खबरें और वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहे हैं। इन अप्रमाणित संदेशों ने अभिभावकों के बीच भय का माहौल पैदा कर दिया है। हाल ही में हिरदेनगर चौकी के ग्राम मधुपुरी में इसी अफवाह के चलते दो युवकों को भीड़ ने पकड़ लिया था, जो जांच के बाद पूरी तरह निर्दोष पाए गए हैं।
जांच में भीख मांगने वाले निकले युवक
हिरदेनगर चौकी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए भीड़ के चंगुल से दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला। सघन पूछताछ में पता चला कि दोनों युवक मंडला कोतवाली क्षेत्र के बड़ी खैरी के निवासी हैं और गांव में भीख मांग रहे थे। पुलिस को उनके विरुद्ध कोई आपराधिक रिकॉर्ड या बच्चा चोरी से संबंधित प्रमाण नहीं मिले, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी संगठित बच्चा चोरी गैंग की मौजूदगी की पुष्टि नहीं हुई है।
अफवाह फैलाना और मारपीट करना दंडनीय अपराध
जिला पुलिस प्रशासन ने आमजन को कड़ा संदेश दिया है कि:
- अफवाहों के आधार पर किसी को बंधक बनाना या मारपीट करना गंभीर अपराध है।
- कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध पुलिस कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगी।
- बिना सत्यापन के सोशल मीडिया पर फोटो या वीडियो साझा करना भी अपराध की श्रेणी में आता है।
पुलिस की अपील: डायल 112 का करें उपयोग
पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर स्वयं कार्रवाई करने के बजाय तत्काल डायल 112 पर सूचना देने या नजदीकी थाने से संपर्क करने की अपील की है।
अधिकारी का कथन
“मधुपुरी की घटना की पूरी जांच की गई है और बच्चा चोरी की बात महज अफवाह निकली है। हम चौपालों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली हर भ्रामक जानकारी पर पुलिस की पैनी नजर है।” — पीयूष मिश्रा, एसडीओपी मंडला
रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️











