राज्य कर्मचारी संघ मंडला की नई कार्यकारिणी गठित
- सुभाष चंद्र चतुर्वेदी बने निर्विरोध जिला अध्यक्ष
- कर्मचारी हितों के लिए हुंकार
- 25 फरवरी को पुरानी पेंशन सहित 31 सूत्रीय मांगों पर कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन
मंडला महावीर न्यूज 29. राज्य कर्मचारी संघ जिला इकाई मंडला के निर्वाचन की प्रक्रिया रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। वर्षों के लंबे अंतराल के बाद हुए इस चुनाव में जिले की तहसील स्तरीय कार्यकारिणी और सदस्यों ने सर्वसम्मति से नई जिला कार्यकारिणी का चयन किया। निर्वाचन की यह प्रक्रिया प्रदेश महामंत्री रजनीश विश्वकर्मा एवं भारतीय मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष व महामंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में पूर्ण हुई।
नई टीम में शिक्षा और प्रशासनिक अनुभव का समावेश करते हुए पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं। जिसमें जिला अध्यक्ष सुभाष चंद्र चतुर्वेदी प्राचार्य, जनजातीय कार्य विभाग, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. एएच खान प्राचार्य, उपाध्यक्ष जावेद खान प्राचार्य, सचिव संजू कुशराम जनजातीय कार्य विभाग, कोषाध्यक्ष अशोक पांडे के साथ ही संगठन विस्तार के लिए 8 अन्य पदाधिकारियों का भी निर्वाचन किया गया।
पुरानी पेंशन के लिए संघर्ष का संकल्प
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सुभाष चंद्र चतुर्वेदी और उनकी टीम ने कार्यभार संभालते ही आगामी रणनीति स्पष्ट कर दी है। संगठन ने संकल्प लिया है कि पुरानी पेंशन योजना को लागू करवाना उनकी प्राथमिकता होगी। इसी कड़ी में 25 फरवरी को कर्मचारी संघ द्वारा 31 सूत्रीय मांगों को लेकर मंडला कलेक्टर को एक वृहद ज्ञापन सौंपा जाएगा।
एकजुटता का दिया संदेश
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि राज्य कर्मचारी संघ सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त एक सशक्त संगठन है। अब नई ऊर्जा के साथ कर्मचारियों की समस्याओं को शासन के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा। इस निर्वाचन से जिले के कर्मचारियों में हर्ष का माहौल है और उन्होंने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का भरोसा दिलाया है।









