सीआरपीएफ ने शहीद इंदर कुमार के घर पहुँचकर दी श्रद्धांजलि
- शहादत को किया नमन
- 148वीं वाहिनी के अधिकारियों ने परिजनों से की मुलाकात
मंडला महावीर न्यूज 29. केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने अपने वीर शहीदों के बलिदान को अक्षुण्ण रखते हुए शहीद इंदर कुमार का शहादत दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया। 148वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी प्रमोद कुमार यादव के मार्गदर्शन में सीआरपीएफ की टीम ने शहीद के पैतृक निवास ग्राम सैलवारा मजगांव पहुँचकर उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया।
बताया गया कि 17 फरवरी सन 1995 के दिन देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद इंदर कुमार के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए सीआरपीएफ के अधिकारियों और जवानों ने उनके परिजनों एवं ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान बल के सदस्यों ने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
बलिदान ही हमारी प्रेरणा
कार्यक्रम में उपस्थित 148 बटालियन के सहायक कमाण्डेंट राजेश कुमार ने संबोधित करते हुए कहा कि शहीद हमारे वास्तविक नायक हैं। उनके द्वारा दिया गया सर्वोच्च बलिदान बल और पूरे देश के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सीआरपीएफ अपने वीर जवानों के परिवारों के साथ सदैव खड़ी है।
परिजनों और ग्रामीणों ने जताया आभार
इस भावुक अवसर पर शहीद के परिवारजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने सीआरपीएफ की इस पहल की सराहना की। परिजनों ने कहा कि बल के इस कदम से उन्हें गर्व की अनुभूति हुई है और वे खुद को अकेला महसूस नहीं कर रहे हैं। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मुख्य रूप से राजेश कुमार सहायक कमाण्डेन्ट, 148वीं वाहिनी के जवान, ग्राम सरपंच जगबंधुजी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे।










