प्रशासन की बड़ी दबिश: अवैध रेत परिवहन करते दो ट्रैक्टर जप्त
- कलेक्टर के निर्देश पर मवई पुलिस की सुपुर्दगी में भेजे गए वाहन
- खनिज नियमों के तहत दर्ज हुआ मामला
मंडला महावीर न्यूज 29 | जिले में खनिज माफियाओं के विरुद्ध जिला प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशन में लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी कड़ी में राजस्व विभाग की टीम ने बिछिया क्षेत्र के ग्राम मैनपुरी में कार्रवाई करते हुए रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त दो ट्रैक्टर-ट्रालियों को जप्त किया है।
भ्रमण के दौरान पकड़े गए वाहन
6 फरवरी को प्रशासन की टीम क्षेत्र के भ्रमण पर थी, तभी मुखबिर से प्राप्त सूचना और शिकायतों के आधार पर मैनपुरी (बिछिया) क्षेत्र में घेराबंदी की गई। इस दौरान टीम ने दो ट्रैक्टरों को अवैध रूप से रेत ले जाते हुए पाया। जप्त किए गए वाहनों का विवरण इस प्रकार है:
- पावर चेचिस ट्रैक्टर (क्रमांक TO 53613259 EL) मय ट्राली।
- पावर ट्रैक ट्रैक्टर (नीले रंग का, चेचिस क्रमांक T 05356697 DP)।
थाना मवई की अभिरक्षा में वाहन
कार्रवाई के पश्चात दोनों वाहनों को जप्त कर शासकीय अभिरक्षा में थाना मवई की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। संबंधित विभाग द्वारा अवैध परिवहन के इस मामले में म.प्र. खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के कड़े प्रावधानों के तहत प्रकरण तैयार किया गया है।
राजस्व अधिकारियों ने बताया कि उक्त प्रकरण को आगामी वैधानिक कार्रवाई और जुर्माने हेतु कलेक्टर न्यायालय प्रेषित किया जा रहा है। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध उत्खननकर्ताओं में हड़कंप व्याप्त है।










